अलग झारखंड आंदोलन के नायक शहीद मोटका गोप को इस दिन किया जाएगा याद, इन कार्यक्रमों का होगा आयोजन
संवाददात सम्मेलन को संबोधित करते झामुमो नेता.
अलग झारखंड आंदोलन के पुरोधा शहीद मोटका गोप का 37वां शहादत दिवस 23 सितंबर को श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा. इस अवसर पर शिक्षा, खेलकूद और बच्चों की रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
जमशेदपुर : बागबेड़ा के रानीडीह कोकेटोला में झामुमो जमशेदपुर प्रखंड समिति की ओर से संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया. इसमें पूर्व प्रखंड अध्यक्ष बहादुर किस्कू ने बताया - अलग झारखंड राज्य आंदोलन के पुरोधा और गरीबों के हक की आवाज रहे शहीद मोटका गोप का 37वां शहादत दिवस 23 सितंबर को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जाएगा.
आयोजन को लेकर तेज की गई तैयारी
उन्होंने बताया कि शहादत दिवस का आयोजन केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शिक्षा, खेल और बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. आयोजन को लेकर समिति की ओर से तैयारियां तेज कर दी गयी हैं.
20 सितंबर को फुटबॉल और चित्रांकन प्रतियोगिता
शहीद मोटका गोप की स्मृति में 20 सितंबर को स्थानीय युवाओं और बच्चों के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए फुटबॉल प्रतियोगिता होगी. वहीं, 5 से 10 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. आयोजकों का कहना है कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों और युवाओं की प्रतिभा को मंच देना और उनमें रचनात्मकता तथा खेल भावना को बढ़ावा देना है.
जरूरतमंद बच्चों में बांटी जाएगी पाठ्य सामग्री
मुख्य कार्यक्रम 23 सितंबर को आयोजित होगा. इस दौरान शहीद मोटका गोप के समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी. इसके बाद जरूरतमंद बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री का वितरण किया जाएगा. आयोजकों के अनुसार, शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद बच्चों को सहयोग देना शहीद मोटका गोप के विचारों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
आयोजन को सफल बनाने में जुटी प्रखंड समिति
शहीद मोटका गोप की स्मृतियों और उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है. झामुमो जमशेदपुर प्रखंड समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं. मौके पर मुखिया सुनील किस्कू, पुकलू सरदार, लखन सोरेन, शंकर गोप, अनूप शर्मा और सोनू सुंडी समेत कई लोग मौजूद रहे. सभी ने क्षेत्रवासियों से शहादत दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने और शहीद मोटका गोप के विचारों को आत्मसात करने की अपील की.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए