Tata Steel Wage Revision: यूनियन कार्यालय पहुंचे HR अधिकारी, 31 अगस्त को आपत्तियों पर होगी चर्चा
सांकेतिक तस्वीर
टाटा स्टील के कर्मचारियों के वेज रिवीजन समझौते को लेकर उत्पन्न समस्याओं के बीच HR अधिकारी टाटा वर्कर्स यूनियन कार्यालय पहुंचे. 31 अगस्त को होने वाली कमेटी मीटिंग में आपत्तियों पर चर्चा की जाएगी.
जमशेदपुर: टाटा स्टील के कर्मचारियों के वेज रिवीजन समझौते को लेकर उत्पन्न समस्याओं के बीच एचआर अधिकारी टाटा वर्कर्स यूनियन कार्यालय पहुंचे. अधिकारियों ने वेज रिवीजन को लेकर कर्मचारियों और यूनियन की ओर से सामने आयी आपत्तियों और समस्याओं की जानकारी ली. कंपनी प्रबंधन और यूनियन की संयुक्त एनामॉलीज कमेटी के गठन के बाद कमेटी में शामिल अधिकारियों ने अपने साथ के अधिकारियों के साथ यूनियन कार्यालय पहुंचकर आपत्तियों के बारे में जानकारी हासिल की. इस दौरान यूनियन के पदाधिकारी भी मौजूद थे.
आपके शहर में
बताया जाता है कि यूनियन में कंपनी के कई विभागों से वेज रिवीजन को लेकर पहले से ही काफी शिकायतें पहुंची हैं. कर्मचारियों को 31 अगस्त तक वेज रिवीजन को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया गया है. इन आपत्तियों पर एनामॉलीज कमेटी में चर्चा की जायेगी. जिन आपत्तियों का निराकरण संभव होगा, उन्हें दूर किया जायेगा, जबकि बाकी आपत्तियों को खारिज किया जायेगा.
31 अगस्त को कमेटी मीटिंग
टाटा स्टील के वेज रिवीजन समझौते को लेकर चल रहे विरोध के बीच 31 अगस्त को कमेटी मीटिंग बुलायी गयी है. मीटिंग के एजेंडा में पहले श्रद्धांजलि, इसके बाद पिछली बैठक के मिनट्स और फिर चार माह के एकाउंट को पारित करने का मुद्दा रखा गया है.
कमेटी मीटिंग में किसी अन्य मुद्दे को कमेटी मेंबरों द्वारा उठाने का मौका नहीं दिये जाने को लेकर विरोध शुरू हो गया है. महासचिव सतीश सिंह के हस्ताक्षर से कमेटी मीटिंग का सर्कुलर जारी किया गया है.
पूर्व डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय ने दर्ज कराया विरोध
कमेटी मीटिंग के एजेंडा को लेकर टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय ने विरोध दर्ज कराया है. उन्होंने कहा कि कर्मचारी और कमेटी मेंबर से लेकर हर कोई वेज रिवीजन को लेकर परेशान है. इतने दिनों के बाद कमेटी मीटिंग बुलायी जा रही है, तो सिर्फ एकाउंट पारित करने को एजेंडा में शामिल किया गया है. यह आपत्तिजनक है.
उन्होंने यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु से तत्काल इस फैसले को बदलने और अन्य मुद्दों को भी एजेंडा में शामिल करने की मांग की है.
पूर्व डिप्टी प्रेसिडेंट का हाल जानने आवास पहुंचे अध्यक्ष
इधर, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु पूर्व डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय का हाल जानने उनके बिष्टुपुर स्थित आवास पहुंचे. अरविंद पांडेय अपने घर के बाथरूम में गिरने से घायल हो गये हैं. चिकित्सकों ने उन्हें दो माह के बेड रेस्ट की सलाह दी है.
मुलाकात को लेकर अरविंद पांडेय ने इसे आपसी संबंध बताया. वहीं, संजीव चौधरी टुन्नु ने कहा कि इसका राजनीति से कोई मतलब नहीं है. उनके और अरविंद पांडेय के संबंध निजी रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए