Tata Steel Wage Revision: वेज रिवीजन पर विवाद बढ़ा, कमेटी मेंबरों ने यूनियन अध्यक्ष को घेरा
अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपते कमेटी मेंबर
टाटा स्टील के कर्मचारियों की वेज रिवीजन को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है. फील्ड मेंटेनेंस इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रिकल टीएंडडी के कमेटी मेंबरों ने यूनियन अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं. एमजीबी, प्रमोशन और डीए को लेकर उठे अहम मुद्दे.
जमशेदपुर: टाटा स्टील में वेज रिवीजन को लेकर कर्मचारियों की नाराजगी बढ़ती जा रही है. विसंगतियों को दूर करने की मांग को लेकर फील्ड मेंटेनेंस इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रिकल टीएंडडी के कमेटी मेंबरों ने टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नू का यूनियन कार्यालय में घेराव किया. कमेटी मेंबरों ने अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रबंधन से उचित विचार और सकारात्मक निर्णय कराने का अनुरोध किया.
आपके शहर में
एमजीबी, प्रमोशन और डीए को लेकर उठीं मांगें
ज्ञापन में ब्लॉक-1 और ब्लॉक-2 की तर्ज पर ब्लॉक-3 और ब्लॉक-4 में भी कार्य की प्रकृति के अनुसार एमजीबी में उचित अंतर करने और स्टैगनेंसी बेनीफिट देने की मांग की गयी. 1 जनवरी 2025 या उसके बाद कंपनी में शामिल कर्मचारियों को एमजीबी का लाभ देने की मांग भी रखी गयी.
इसके अलावा कंपनी आवास में रहने वाले एनएस कर्मचारियों के लिए पुनरीक्षित बेसिक के 6 फीसदी स्टैंडर्ड रेंट की व्यवस्था की समीक्षा, एनएस-6 में चार वर्ष की सेवा पूरी करने वाले पात्र कर्मचारियों को समय पर पदोन्नति और फास्ट ट्रैक प्रमोशन पॉलिसी लागू करने की मांग की गयी. हायर एजुकेशन एलाउंस को वेज रिवीजन की प्रभावी तिथि से संशोधित करने, फिटमेंट के दौरान डीए में अस्थायी कमी से होने वाले नुकसान से बचाने और नॉन रिड्यूस्ड डीए लेवल पर संरक्षण देने की मांग भी शामिल है.
एनएस ग्रेड के कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद मेडिकल सुविधा, पूर्व अनुभव के आधार पर मिले अतिरिक्त इंक्रीमेंट को अगले ग्रेड रिवीजन और प्रमोशन में संरक्षित करने की मांग भी रखी गयी.
कमेटी मीटिंग और बोनस वार्ता जल्द शुरू करने की मांग
टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व डिप्टी प्रेसिडेंट और विपक्ष के नेता अरविंद पांडेय ने कहा कि कमेटी मेंबरों की मांग के बावजूद अब तक अध्यक्ष ने कमेटी मीटिंग नहीं बुलायी है. ग्रेड रिवीजन के बाद बंचिंग और 2025 में ज्वॉइन करने वाले आरआर कर्मचारियों को एमजीबी का लाभ देने जैसे मामलों के समाधान के लिए ठोस और औपचारिक पहल की जरूरत है.
वहीं, बुधवार शाम 5 बजे चमरिया गेस्ट हाउस में टाटा वर्कर्स यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी ने ऑफिस बियररों के साथ बैठक की. पदाधिकारियों ने वेज रिवीजन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जल्द एनामॉलीज कमेटी गठित करने की मांग की. उन्होंने कहा कि अब तक सामने आये सभी बिंदुओं का समाधान इसी प्रक्रिया में किया जाना चाहिए. अगस्त माह समाप्त होने वाला है, इसलिए बोनस वार्ता जल्द शुरू कर कर्मचारियों के लिए सम्मानजनक बोनस समझौता करने की मांग भी बैठक में रखी गयी.
अध्यक्ष ने कमेटी मेंबरों की ओर से उठाये गये विषयों को गंभीरता से सुना और उचित मंच पर मुद्दों को उठाकर नीति के अनुरूप आवश्यक सुधार के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया. ज्ञापन सौंपने वालों में राकेश कुमार सिंह, श्याम सुंदर गोप, ब्रजेश पांडेय, पवन प्रकाश समेत अन्य कमेटी मेंबर शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए