जमशेदपुर में आज बैंककर्मियों का प्रदर्शन, 5 दिन बैंकिंग समेत इन मांगों को लेकर नाराजगी
सांकेतिक तस्वीर
जमशेदपुर में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने 5-डे बैंकिंग व्यवस्था लागू करने सहित अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है. मांगों पर गौर न होने पर राष्ट्रव्यापी हड़ताल की चेतावनी दी गई है.
जमशेदपुर: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) की जमशेदपुर इकाई की ओर से गुरुवार, 27 अगस्त को बिष्टुपुर स्थित पोस्टल पार्क में विरोध-प्रदर्शन किया जायेगा. प्रदर्शन शाम साढ़े पांच बजे से शुरू होगा. बुधवार को हुई यूएफबीयू की बैठक में यह फैसला लिया गया. बैंककर्मी केंद्र सरकार और बैंक प्रबंधन की नीतियों के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर आवाज उठायेंगे.
आपके शहर में
5 दिन बैंक खोलने की मांग
यूएफबीयू के संयोजक रिंटू रजक ने बताया कि बैंककर्मियों की मुख्य मांग 5-डे बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की है. इसके अलावा सरकार की ओर से लागू की गयी पीएलआइ योजना को वापस लेने की मांग की जा रही है. बैंक यूनियनों का कहना है कि इस योजना में बदलाव द्विपक्षीय बातचीत के जरिये किया जाना चाहिए. इसके साथ ही बैंककर्मियों से जुड़े अन्य लंबित मामलों का भी जल्द समाधान करने की मांग है.
मांगें नहीं मानीं तो हड़ताल
बैंक यूनियनों ने साफ किया है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और बड़ा किया जायेगा. देशभर के करीब आठ लाख बैंक कर्मचारी और अधिकारी 11 सितंबर को एक दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल करेंगे.
इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिन की हड़ताल का ऐलान किया गया है. वहीं, मांगें पूरी नहीं होने पर 26 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी भी दी गयी है.
यूएफबीयू नेतृत्व ने सभी घटक यूनियनों और बैंककर्मियों से गुरुवार को पोस्टल पार्क में होने वाले प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए