निखार हत्याकांड में बड़ा खुलासा तलाश रही पुलिस, सिंटू से पूछताछ में 3.5 एकड़ जमीन का कनेक्शन
अभिमन्यु सिंह उर्फ सिन्टु का फाईल फोटो | Prabhat Khabar Network
निखार सबलोक हत्याकांड में इंदौर से गिरफ्तार सिंटू सिंह से चांडिल पुलिस 3.5 एकड़ जमीन विवाद और शूटरों के कनेक्शन को लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है.
जमशेदपुर.कदमा विजया हेरिटेज फेज-6 निवासी व होटल कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के मामले में इंदौर से गिरफ्तार अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को शनिवार की देर रात पुलिस लेकर चांडिल थाना पहुंची. थाना में सिंटू सिंह से पुलिस कड़ाई से पूछताछ कर चांडिल में पहाड़िया की 3.5 एकड़ जमीन का कनेक्शन खंगाल रही है. पुलिस सिंटू सिंह के जरिये निखार हत्याकांड के मुख्य शूटर उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी सागर सिंह उर्फ शिबू सिंह का पता लगाने में जुटी है. साथ ही पुलिस इस मामले में सागर के साथी अंकित सिंह, सुनील रजक और रितेश सिंह को 72 घंटे की रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है.
आपके शहर में
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने चारों से अलग-अलग पूछताछ की. इसके अलावा क्रॉस पूछताछ के लिए चारों को आमने-सामने भी बैठाया. पुलिस ने सिंटू सिंह का मोबाइल भी जब्त किया है. पुलिस सिंटू के मोबाइल की कॉल डिटेल के अलावा हत्या से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है. सोमवार को संभवत: पुलिस सिंटू सिंह को न्यायिक हिरासत में जेल भेजेगी.
राघव को भी रिमांड पर लेकर पुलिस करेगी पूछताछ
निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस जल्द ही अशोक सिंह राघव को भी रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी. ताकि हत्या की कड़ी को जोड़ा जा सके. पुलिस इस मामले में अशोक सिंह राघव के कारोबार का भी पता लगा रही है. वहीं, उसके आय के स्रोत की जानकारी भी इकट्ठा कर रही है.
क्या है मामला
गत 24 अगस्त को चांडिल थाना अंतर्गत होटल टेंथ माइल स्टोन में होटल कारोबारी निखार सबलोक की दो युवकों ने गोली मारकर सरेआम हत्या कर दी थी. इस मामले में पुलिस ने सोनारी खूंटाडीह निवासी अशोक सिंह राघव, शूटर उत्तर प्रदेश सुल्तानपुर निवासी अंकित सिंह, सोनारी निवासी सुशील केराई, मानगो निवासी सुनील रजक, रितेश सिंह, प्रदीप सिंह और अभिनव यादव को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवकों से पूछताछ और टेक्निकल सेल की मदद से सिंटू सिंह को इंदौर से गिरफ्तार किया है. पुलिस की मानें तो शूटरों के व्यवस्थापक में सिंटू सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए