आठ पंचायतों में रातभर गुल रही बिजली, सुबह नहीं हुई जलापूर्ति, पढ़ाई और रोजमर्रा के काम प्रभावित
सांकेतिक तस्वीर.
गालूडीह की आठ पंचायतों में बिजली की आंख-मिचौनी से ग्रामीण परेशान हैं। रातभर बिजली गुल रहने से सुबह जलापूर्ति ठप हो गई, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
गालूडीह : गालूडीह क्षेत्र की आठ पंचायतों में इन दिनों अनियमित बिजली आपूर्ति से ग्रामीण परेशान हैं. दिन-रात में बार-बार बिजली गुल होने से रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं. बारिश में बिजली कटौती से समस्या और गंभीर हो गयी है. शुक्रवार की रात क्षेत्र में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही. शनिवार सुबह तक बिजली बहाल नहीं होने से जलापूर्ति भी ठप रही. इससे ग्रामीणों को परेशानी हुई.
क्षेत्र में बिजली कटौती का नहीं है कोई निश्चित समय
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में बिजली आने-जाने का कोई निश्चित समय नहीं है. कभी थोड़ी-थोड़ी देर में बिजली कट जाती है, तो कभी कई घंटे तक आपूर्ति बहाल नहीं होती. अचानक बिजली गुल होने से घरों में बिजली आधारित उपकरणों का इस्तेमाल भी प्रभावित हो रहा है. लंबे समय तक बिजली नहीं रहने के कारण घरेलू कामकाज के साथ बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है.
बिजली कटने पर होती है परेशानी
रात के समय बिजली कटने पर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को परेशानी होती है. बारिश में अंधेरा होने के कारण सांप-बिच्छू का खतरा रहता है. ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बिजली कटौती से लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है.
आठ पंचायतों के ग्रामीण प्रभावित
बिजली संकट से महुलिया, उलदा, बड़ाकुर्शी, जोड़सा, बाघुड़िया, हेंदलजुड़ी, बनकांटी और झाटीझरना पंचायत के ग्रामीण प्रभावित हैं. ग्रामीणों का कहना है कि समस्या लंबे समय से है. इसका स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है.
जर्जर तार-पोल की मरम्मत की मांग
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से क्षेत्र में नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की है. वहीं, जर्जर बिजली तार, पोल और अन्य तकनीकी खामियों की जांच कर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की गयी है. ग्रामीणों का कहना है कि बिजली व्यवस्था में सुधार होने से लोगों को राहत मिलेगी. विद्यार्थियों की पढ़ाई भी सुचारु रूप से चल सकेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए