राघव के मोबाइल से खुले राज, निखार समेत अन्य का मोबाइल लोकेशन देता था ट्रैफिक सार्जेंट, इन पुलिस कर्मियों पर भी गंभीर आरोप
बाएं में निखार सबलोक (फाइल फोटो) व दाएं में अशोक सिंह राघव.
जमशेदपुर में निखार सबलोक हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है. कोलकाता पुलिस के ट्रैफिक सार्जेंट और एक सिविक वॉलंटियर को गिरफ्तार किया गया है. उन पर अपराधियों को मोबाइल लोकेशन और छिपने की जगह मुहैया कराने का आरोप है.
जमशेदपुर : कदमा विजया हेरिटेज फेज-6 निवासी निखार सबलोक के अलावा गैंगस्टर गणेश सिंह, उसके साथी विजय सिंह उर्फ मोनू के मोबाइल का टावर लोकेशन कोलकाता पुलिस में पदस्थापित ट्रैफिक सार्जेंट अयन गुप्ता सोनारी खूंटाडीह निवासी अशोक सिंह राघव को उपलब्ध कराता था. जबकि उनकी सहयोगी पुलिसकर्मी सिविक वॉलंटियर ट्विंकल दास राघव व उसके साथियों के लिये वाहन उपलब्ध कराती थीं. शुक्रवार को चांडिल पुलिस ने गिरफ्तार ट्रैफिक सार्जेंट अयन गुप्ता और ट्विंकल दास को बैंकशाल कोर्ट में पेश किया.
ट्रांजिट रिमांड पर लेकर चांडिल थाना पहुंची पुलिस
कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस दोनों को 13 सितंबर तक ट्रांजिट रिमांड पर लेकर चांडिल थाना पहुंची है. पुलिस ने दोनों का मोबाइल जब्त किया है. अदालत सूत्रों के मुताबिक, सुनवाई के दौरान सरकारी वकील ने दलील दी कि बेलियाघाटा ट्रैफिक गार्ड में तैनात ट्रैफिक सार्जेंट अयन गुप्ता और ट्विंकल दास का झारखंड में व्यवसायी की हत्या में शामिल आरोपियों से सीधा संपर्क था. आरोप है कि दोनों ने निखार के टावर लोकेशन की जानकारी कई बार अपराधियों को दी थी.
आरोपियों के छिपने के लिये लॉजिस्टिक सपोर्ट का इंतजाम
गिरफ्तार महिला सिविक वॉलंटियर पर आरोप है कि उसने आरोपियों के छिपने के लिये लॉजिस्टिक सपोर्ट का इंतजाम भी किया था. सरकारी वकील ने कहा कि दोनों की भूमिका सामने आने के बाद झारखंड पुलिस की टीम ने कोलकाता से उन्हें गिरफ्तार किया. आगे की पूछताछ के लिए ट्रांजिट रिमांड जरूरी है. सरकारी वकील के आवेदन पर अदालत ने दोनों आरोपियों को 13 सितंबर तक ट्रांजिट रिमांड पर भेजने का आदेश दिया.
अशोक राघव के मोबाइल से खुला राज
पुलिस सूत्रों के अनुसार निखार हत्याकांड में गिरफ्तार किये गये सोनारी खूंटाडीह निवासी अशोक सिंह राघव के मोबाइल से ट्रैफिक सार्जेंट अयन गुप्ता और पुलिसकर्मी सिविक वॉलंटियर ट्विंकल दास की जानकारी मिली है. अशोक सिंह राघव के कॉल रिकॉर्ड और व्हाट्सएप मैसेज में भी इसके सबूत मिले हैं. जिसके बाद सरायकेला पुलिस ने ट्रैफिक सार्जेंट अयन गुप्ता और पुलिसकर्मी सिविक वॉलंटियर ट्विंकल दास को गुरुवार की देर रात गिरफ्तार किया. पुलिस सूत्रों के अनुसार अशोक सिंह राघव ने विक्रम शर्मा हत्याकांड में शामिल शूटरों के मोबाइल का टावर लोकेशन भी ट्रैफिक सार्जेंट अयन गुप्ता के माध्यम से निकलवाया था.
निखार हत्याकांड में अबतक आठ की हो चुकी है गिरफ्तारी
गौरतलब है कि 24 अगस्त को चांडिल थाना अंतर्गत होटल टेंथ माइल स्टोन में निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. सरायकेला पुलिस ने इस मामले में सोनारी खूंटाडीह निवासी अशोक सिंह राघव, कपाली निवासी अभिमन्यू सिंह उर्फ सिंटू सिंह, उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी शूटर अंकित सिंह, सोनारी निवासी सुशील केराई, मानगो निवासी सुनील रजक, रितेश सिंह को गिरफ्तार किया है. पुलिस इस मामले में मुख्य शूटर उत्तर प्रदेश सुल्तानपुर निवासी सागर सिंह उर्फ शिबू की तलाश में जुटी है.
2014 में कोलकाता पुलिस में ज्वाइन किया था अयन
सार्जेंट अयन गुप्ता 2014 में कोलकाता पुलिस ज्वाइन किया था. तृणमूल सरकार के समय उनका काफी दबदबा था. पुलिस महकमे से जुड़े कुछ लोगों के अनुसार, इन्हीं संपर्कों की वजह से अयन पूर्व डिप्टी कमिश्नर शांतनु सिन्हा विश्वास के करीबी बन गया था. शांतनु सिन्हा को जमीन हड़पने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (इडी) ने गिरफ्तार किया था. समय के साथ अयन का प्रभाव बढ़ता गया. घटना के समय अयन बेलियाघाटा ट्रैफिक गार्ड में सार्जेंट के तौर पर तैनात था. इसी ट्रैफिक गार्ड में ट्विंकल दास भी कार्यरत थी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए