राशन के लिए लंबी कतारों से मिलेगी मुक्ति, जानें क्या है ग्रीन एटीएम, कैसे करेगा काम ?
गोदाम का निरीक्षण करते.
जमशेदपुर के राशन कार्डधारियों के लिए अच्छी खबर है. अब अनाज के लिए लंबी कतारों में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी. शहर में 24 घंटे अनाज देने वाली ग्रीन एटीएम मशीनें लगने जा रही हैं. यह सुविधा अक्टूबर-नवंबर तक शुरू होने की उम्मीद है.
जमशेदपुर : शहर के राशन कार्डधारियों के लिए राहत की खबर है. सरकारी राशन दुकानों और वितरण केंद्रों पर अनाज के लिए घंटों लंबी कतारों में खड़े रहने की मजबूरी से अब जल्द ही मुक्ति मिलने वाली है. जमशेदपुर अंचल अंतर्गत गोदाम परिसर में दो अत्याधुनिक ‘ग्रीन एटीएम’ स्थापित करने की तैयारी की जा रही है. इन मशीनों के चालू होने से कार्डधारी 24 घंटे अपनी सुविधानुसार किसी भी समय तय मात्रा में अनाज प्राप्त कर सकेंगे. विभाग का लक्ष्य इस महत्वाकांक्षी योजना को अक्तूबर या नवंबर तक पूरी तरह धरातल पर उतारने का है.
जमशेदपुर में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया जा रहा
अधिकारियों का कहना है कि जमशेदपुर अंचल में यह पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया जा रहा है. अगर यह प्रयोग पूरी तरह सफल रहा, तो आने वाले दिनों में जिले के अन्य व्यस्त और सुदूरवर्ती क्षेत्रों में भी ग्रीन एटीएम स्थापित करने पर विचार किया जायेगा.
ऐसे काम करेगा ग्रीन एटीएम
ग्रीन एटीएम के माध्यम से राशन कार्डधारियों को बेहद पारदर्शी और सरल प्रक्रिया के तहत अनाज उपलब्ध कराया जायेगा. कार्डधारी को मशीन में अपने राशन कार्ड से संबंधित विवरण और बायोमेट्रिक सत्यापन दर्ज करना होगा. फिर अपनी जरूरत और निर्धारित कोटे के अनुसार मात्रा का विकल्प चुनना होगा. इसके बाद मशीन से सीधे अनाज निकलकर कार्डधारी के थैले में आ जायेगा. जानकारी के अनुसार, कार्डधारी एक बार में मशीन से 5 से 10 किलोग्राम तक ही अनाज की निकासी कर सकेंगे. इस व्यवस्था से दुकानों पर भीड़ घटेगी, कालाबाजारी पर रोक लगेगी और लाभुकों के समय बचेंगे.
विभागीय सचिव ने किया गोदामों का औचक निरीक्षण
योजना की प्रगति और तैयारियों का जायजा लेने के लिए झारखंड सरकार के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के सचिव रामकृष्ण कुमार ने शुक्रवार को जमशेदपुर के विभिन्न सरकारी गोदामों का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने बर्मामाइंस स्थित गोदाम, साकची और जमशेदपुर अंचल गोदाम का दौरा कर प्रस्तावित ग्रीन एटीएम की स्थापना को लेकर अधिकारियों से अद्यतन जानकारी ली. सचिव ने मशीनों की स्थापना के लिए उपयुक्त स्थान, निरंतर विद्युत आपूर्ति, इंटरनेट कनेक्टिविटी और मशीनों के नियमित रखरखाव को लेकर निर्देश दिये. उन्होंने परिसर की साफ-सफाई और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चहारदीवारी कराने का भी निर्देश दिया. मौके पर बीडीओ सुमित प्रकाश, सीओ मनोज कुमार और गोदाम प्रबंधक बबलू नमता समेत अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे.
24 घंटे उपलब्ध रहेगी सेवा
जमशेदपुर अंचल के गोदाम प्रबंधक बबलू नमता ने कहा - यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी. दो ग्रीन एटीएम स्थापित की जायेंगी, जिनसे कार्डधारी एक बार में 5 से 10 किलोग्राम तक अनाज निकाल सकेंगे. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चौकीदार की तैनाती होगी और सीसीटीवी कैमरे भी लगाये जायेंगे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए