इस विद्यालय में बनेगा फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायो लैब, वैज्ञानिक सिद्धांतों को प्रयोग के माध्यम से समझ सकेंगे बच्चे
विद्यार्थियों के साथ विधायक संजीव सरदार.
झारखंड के पोटका में शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाया गया है. यहां के उत्क्रमित प्लस टू विद्यालयों में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी की आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाओं का निर्माण किया जाएगा. इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और व्यावहारिक शिक्षा प्रदान करना है.
पोटका : झारखंड शिक्षा परियोजना के तहत पोटका के उत्क्रमित प्लस टू विद्या निकेतन उच्च विद्यालय, हल्दीपोखर में फिजिक्स, केमिस्ट्री एवं बायोलॉजी की आधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला का निर्माण कराया जायेगा. इसका विधिवत शिलान्यास सोमवार को पोटका विधायक संजीव सरदार ने किया. साथ ही प्रखंड के उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय जादूगोड़ा, मानपुर एवं सानग्राम में बनने वाले विज्ञान प्रयोगशालाओं का भी विधायक ने ऑनलाइन शिलान्यास किया.
आपके शहर में
विज्ञान के साथ प्रयोगात्मक ज्ञान प्राप्त करने का मिलेगा अवसर
प्रयोगशालाओं के निर्माण से इन विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को विज्ञान विषय की पढ़ाई के साथ-साथ प्रयोगात्मक ज्ञान प्राप्त करने का बेहतर अवसर मिलेगा. इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी की आधुनिक प्रयोगशालाएं विद्यार्थियों की शिक्षा को और अधिक व्यावहारिक एवं प्रभावी बनाएंगी. इससे छात्र-छात्राएं किताबों में पढ़े वैज्ञानिक सिद्धांतों को प्रयोग के माध्यम से समझ सकेंगे. उनमें वैज्ञानिक सोच और रुचि का विकास होगा. उन्होंने कहा - मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में शैक्षणिक सुविधाओं के साथ-साथ आधारभूत संरचनाओं को भी लगातार मजबूत कर रही है. सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों का समान अवसर मिले.
छात्र-छात्राओं मे दिखा उत्साह, सुनी समस्या
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं में विधायक संजीव सरदार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला. बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने विधायक को घेर लिया और उनके साथ तस्वीरें लीं. छात्रों ने उनसे बातचीत भी की. अपनी समस्याएं साझा कीं. कुछ विद्यार्थियों ने विद्यालय से जुड़ी अपनी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं. विधायक ने मौके पर ही संबंधित लोगों से बात कर आवश्यक समाधान कराया तथा अन्य समस्याओं के जल्द निराकरण का आश्वासन दिया, उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं का भरपूर लाभ उठाने की अपील किया.
5 सितंबर को फिर मिलेंगे - विधायक ने किया छात्रों से वादा
छात्रों के आग्रह और उत्साह को देखते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा - आगामी 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर वे एक बार फिर विद्यालय में आएंगे. विद्यार्थियों के साथ समय बिताएंगे. विधायक के इस आश्वासन से छात्र-छात्राओं में और उत्साह देखने को मिला. मौके पर विद्यालय के प्राचार्य नरेंद्र कुमार, शिक्षिका कुमारी गीता, संजू शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य चन्द्रावती महतो समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए