निखार हत्याकांड : पांच दिनों बाद भी शूटरों को गिरफ्तार नहीं कर सकी पुलिस
निखार सबलोक (फाइल फोटो).
होटल कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के पांच दिनों बाद भी पुलिस हत्यारों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है. सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद पुलिस अंधेरे में तीर चला रही है. दो दर्जन से अधिक लोगों से पूछताछ जारी है.
जमशेदपुर : कदमा विजया हेरिटेज फेज 6 निवासी व होटल कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के पांच दिनों बाद भी पुलिस शूटरों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है. टेंथ माईल स्टोन होटल में हत्यारों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गयी है. दोनों शूटरों की तस्वीर साफ दिख रही है. बावजूद पुलिस अबतक अंधेरे में तीर चला रही है. पुलिस की माने तो शूटरों की तलाश की जा रही है.
आपके शहर में
दो दर्जन से अधिक लोगों से पूछताछ जारी
पुलिस हत्याकांड में दो दर्जन से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है. पिछले चार दिनों से सोनारी खूंटाडीह निवासी अशोक सिंह राघव व उसके सहयोगियों से पुलिस पूछताछ कर रही है. पहले बहरागोड़ा, फिर धालभूमगढ़ ,उसके बाद एमजीएम थाना में पूछताछ के बाद अब चांडिल थाना में पुलिस चारों से पूछताछ कर रही है. इधर, इस मामले में पुलिस ने सोनारी से शातिर अपराधी रवि दास और दारा से दो दिनों तक पूछताछ के बाद शुक्रवार को छोड़ दिया. पुलिस को उनसे पूछताछ में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा.
कुछ भी बताने से इंकार कर रही सरायकेला पुलिस
हत्या के पांच दिनों बाद भी सरायकेला पुलिस इस मामले में कुछ भी बताने से इंकार कर रही है. कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने सरायकेला और जमशेदपुर पुलिस की एक एसआईटी का गठन की है. जिसमें छह अलग - अलग टीम बनायी गयी है. पुलिस ने इस मामले में शूटरों द्वारा इस्तेमाल किये गये कार को रांची के मेसरा क्षेत्र में लावारिश हालत में बरामद किया. पुलिस की अलग- अलग टीम बिहार, ओडिसा,पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में छापामारी की. लेकिन शूटर अबतक पकड़े नहीं जा सके हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए