डिमना लेक जाने वालों को मिल सकती है राहत, सरयू राय ने सरकार से की फ्लाइओवर बनाने की मांग

Updated:
विज्ञापन
विधायक सरयू राय (फाइल फोटो) | Prabhat Khabar Network

सरयू राय (फाइल फोटो)

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने एमजीएम से डिमना लेक तक एलिवेटेड रोड बनाने की मांग की है, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यातायात सुगम होगा.

विज्ञापन

डिमना लेक और पटमदा की ओर जाने वाले लोगों के लिए सफर आसान करने की पहल शुरू हो गई है. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक के पहले किसी उपयुक्त स्थान तक सड़क के ऊपर एलिवेटेड रोड (फ्लाईओवर) बनाने की मांग की है. इस संबंध में उन्होंने पथ निर्माण विभाग के सचिव और मुख्यमंत्री को लिखित निवेदन भेजा है.

दलमा सैंक्चुअरी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण संभव नहीं

सरयू राय ने कहा कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक और पटमदा की ओर जाने वाली सड़क दलमा सैंक्चुअरी क्षेत्र से होकर गुजरती है. सैंक्चुअरी के कड़े नियमों के कारण इस सड़क का चौड़ीकरण संभव नहीं है. ऐसे में बढ़ते यातायात और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए फ्लाईओवर की तर्ज पर ऊपरी पथ का निर्माण सबसे व्यावहारिक समाधान होगा.

डिमना चौक से एमजीएम तक फोरलेन सड़क

विधायक सरयू राय ने बताया कि डिमना चौक से एमजीएम मेडिकल कॉलेज तक फोरलेन सड़क निर्माण का प्रस्ताव पहले ही स्वीकृत हो चुका है, जिसका निर्माण पथ निर्माण विभाग करेगा. डीपीआर में आवश्यक संशोधन और टाटा स्टील से एनओसी मिलने के बाद इस परियोजना पर काम शुरू होगा. हालांकि एमजीएम मेडिकल कॉलेज के आगे डिमना लेक और पटमदा की ओर जाने वाली सड़क संकरी होने के कारण यह इलाका दुर्घटना संभावित बना हुआ है.

एनएच-33 की तर्ज पर एलिवेटेड रोड बनाने का सुझाव

सरयू राय ने सुझाव दिया कि जिस तरह एनएच-33 पर एलिवेटेड रोड बनाया गया है, उसी तर्ज पर डिमना लेक मार्ग पर भी ऊपरी पथ का निर्माण किया जाए. उन्होंने बताया कि पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ हुई चर्चा के अनुसार इस परियोजना में कोई तकनीकी अड़चन नहीं है और वन विभाग से अनुमति मिलने में भी विशेष कठिनाई नहीं होगी.

पटमदा, बोड़ाम और पुरुलिया जाने वालों को मिलेगा फायदा

उन्होंने कहा कि इस ऊपरी पथ के निर्माण से पटमदा, बोड़ाम और कटिंग क्षेत्र से आने-जाने वाले लोगों की यात्रा अधिक सुगम होगी. इसके साथ ही जमशेदपुर के लोगों को सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त सफर मिलेगा, जबकि पुरुलिया जाने वाले यात्रियों के लिए भी आवागमन काफी आसान हो जाएगा.


विज्ञापन
Sanjeev Bhardwaj

लेखक के बारे में

By Sanjeev Bhardwaj

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola