जमशेदपुर में नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन, इन 10 हॉटस्पॉट पर बढ़ेगी निगरानी
उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समन्वय समिति की समीक्षा बैठक.
जमशेदपुर में प्रशासन ने नशे के अवैध कारोबार और तस्करी पर नकेल कसने की तैयारी तेज कर दी है. 10 चिह्नित हॉटस्पॉट पर पुलिस की लगातार दबिश और तस्करों के नेटवर्क की गहराई से जांच की जाएगी.
जमशेदपुर : जिले में नशे के अवैध कारोबार और तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई और तेज करने का फैसला लिया है. नशे के कारोबार के लिए चिह्नित 10 हॉटस्पॉट पर पुलिस की लगातार दबिश जारी रहेगी, जबकि तस्करों के नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जायेगी. अगस्त में एनडीपीएस एक्ट के तहत हुई कार्रवाई में 75 किलो गांजा और 36 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गयी, जबकि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल 26 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.
स्कूल-कॉलेजों में चलेगा नशा मुक्ति जागरूकता अभियान
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समन्वय समिति (एनकॉर्ड) की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में एसएसपी डॉ ऐहतेशाम वकारिब, डीडीसी अनुराग तिवारी समेत पुलिस, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारी मौजूद रहे. उपायुक्त ने नशे के कारोबार और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संवेदनशील इलाकों में लगातार छापेमारी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि केवल छोटे स्तर के तस्करों पर कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाये.
स्कूल और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश
युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए स्कूल और कॉलेजों में लगातार जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया. शिक्षा विभाग स्थानीय थानों के साथ समन्वय कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, स्वास्थ्य पर पड़ने वाले नुकसान और सामाजिक प्रभावों के प्रति जागरूक करेगा. बैठक में नशे की गिरफ्त में आ चुके लोगों के उपचार और पुनर्वास पर भी चर्चा हुई. प्रशासन ने नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों को पूरी तरह सक्रिय रखने पर जोर दिया, ताकि प्रभावित लोगों को इलाज के साथ आवश्यक काउंसिलिंग और पुनर्वास की सुविधा मिल सके.
10 हॉटस्पॉट पर लगातार रहेगी नजर
जिले में नशे के अवैध कारोबार की रोकथाम के लिए चिन्हित 10 प्रमुख हॉटस्पॉट पर पुलिस की निगरानी और कार्रवाई को और मजबूत करने का निर्देश दिया गया है. अधिकारियों को इन इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाने को कहा गया है. जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग की अपील की है. यदि किसी इलाके में ड्रग्स की बिक्री, परिवहन या सेवन की जानकारी हो, तो नागरिक टोल फ्री नंबर 112 या जिला पुलिस कंट्रोल रूम 0657-2431028 पर सूचना दे सकते हैं. प्रशासन ने बताया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जायेगी. अधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ जनजागरूकता और जनसहयोग भी जरूरी है. सामूहिक प्रयास से ही नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए