गोवंश चोरी के संदेह में दो गुटों में भिड़ंत, पथराव के बाद पुलिस की लाठीचार्ज और फायरिंग

Updated:
विज्ञापन

तैनात पुलिस.

जमशेदपुर के जुगसलाई में गोवंश चोरी के शक में दो समुदायों के बीच जमकर मारपीट हुई. उग्र भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव किया, जिसके जवाब में पुलिस को लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग करनी पड़ी। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

विज्ञापन

जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के ईदगाह मोहल्ला में शुक्रवार की रात भीषण बवाल हो गया. गोवंश चोरी के संदेह को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि उपद्रवियों ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया. स्थिति को अनियंत्रित होते देख पुलिस को लाठीचार्ज और चार राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी. इसके बाद उपद्रवी मौका-ए-वारदात से फरार हुये. घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुये भारी संख्या में पुलिस बल, क्यूआरटी और टाइगर मोबाइल के जवानों को तैनात कर दिया गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित रामदास भट्ठा गद्दी मोहल्ला से एक गोवंश की चोरी हो गई थी. गद्दी मोहल्ला के युवकों को संदेह था कि चोरी हुआ गोवंश जुगसलाई ईदगाह मोहल्ला में रखा गया है. इसी बात को लेकर बिष्टुपुर रामदास भट्ठा और जुगसलाई गद्दी मोहल्ला के करीब 70 से 80 की संख्या में युवक लाठी-डंडों से लैस होकर वाहनों और पैदल ही ईदगाह मोहल्ला पहुंच गये. ईदगाह मोहल्ला पहुंचते ही युवकों ने उपद्रव मचाना शुरू कर दिया. वहां मौजूद स्थानीय युवकों के साथ मारपीट की गई और राहगीरों के साथ गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया गया. देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी और चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग जुटने लगे, जिससे माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया.

बरामद खोखा.
बरामद खोखा.

पथराव के बाद पुलिस ने किया लाठीचार्ज

घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराने का प्रयास किया. हालांकि, उग्र भीड़ ने पुलिस टीम को ही चारों तरफ से घेर लिया और नारेबाजी करने लगे. इसी बीच भीड़ में शामिल कुछ असमाजिक तत्वों ने पुलिस बल पर पथराव कर दिया. पथराव से स्थिति और अधिक बिगड़ने लगी, जिसके जवाब में पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज कर दिया. इसके बावजूद जब भीड़ काबू में नहीं आयी, तो जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी ने स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए हवा में चार राउंड फायरिंग की. गोलियों की आवाज सुनते ही उपद्रवियों में भगदड़ मच गयी और भीड़ तितर-बितर हो गयी. लगभग एक घंटे तक पूरा इलाका पुलिस और उपद्रवियों के बीच अखाड़ा बना रहा.

फ्लैग मार्च और छापेमारी तेज

बवाल की सूचना मिलते ही डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) सुमित कुमार, बिष्टुपुर और बागबेड़ा थाना प्रभारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पूरी स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस के खोखे बरामद किये हैं. उपद्रव मचाने वाले युवकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए देर रात से ही संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

उपद्रव करने वालों को किया जा रहा है चिह्नित : एसएसपी

एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने कहा - जुगसलाई में दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हो गया. इसके बाद वे पुलिस पर हमला करने लगे. जिसके बाद पुलिस की ओर से हवाई फायरिंग की गयी है. उपद्रव करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola