नर्सिंग की पढ़ाई करने वालों के लिए खुशखबरी, बीएससी नर्सिंग और GNM की सीटें बढ़कर हुईं 100-100
नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग.
जमशेदपुर के नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में बीएससी और जीएनएम पाठ्यक्रमों में सीटों की संख्या बढ़ाकर 100-100 कर दी गई है. यह बढ़ोतरी नर्सिंग क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए बड़े अवसर खोलेगी.
जमशेदपुर : नर्सिंग के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है. जमशेदपुर स्थित नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में अब बीएससी नर्सिंग और जीएनएम की पढ़ाई के लिए पहले से कहीं अधिक विद्यार्थियों को दाखिला मिल सकेगा. संस्थान को दोनों पाठ्यक्रमों में सीटें बढ़ाकर 100-100 करने की आधिकारिक मंजूरी मिल गई है. वहीं, एएनएम पाठ्यक्रम में भी 50 सीटों की स्वीकृति मिली है.
आपके शहर में
पहले संस्थान में थी 60-60 सीटें
पहले संस्थान में बीएससी नर्सिंग और जीएनएम की 60-60 सीटें थीं. सीटों में हुई इस बढ़ोतरी से नए शैक्षणिक सत्र में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को नर्सिंग शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा. झारखंड में 100-100 सीटों की उपलब्धि हासिल करने वाला पहला विश्वविद्यालय सीटों में बढ़ोतरी के साथ नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय ने नर्सिंग शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. विश्वविद्यालय के अनुसार, वह झारखंड का पहला ऐसा विश्वविद्यालय बन गया है, जिसे नर्सिंग के बीएससी नर्सिंग और जीएनएम पाठ्यक्रमों में 100-100 सीटों की स्वीकृति मिली है.
स्थानीय युवाओं के लिए बढ़ेंगे अवसर
यह उपलब्धि ऐसे समय में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जब राज्य में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रशिक्षित और कुशल नर्सिंग पेशेवरों की आवश्यकता लगातार बनी हुई है. विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार नागेंद्र सिंह ने कहा कि सीटों में बढ़ोतरी स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों के लिए बड़ा अवसर है. इससे अधिक युवाओं को नर्सिंग की पढ़ाई करने और पेशेवर क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा.
युवाओं को आधुनिक प्रशिक्षण का मिलेगा लाभ
वहीं, विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा - सीटों में इजाफे के साथ अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं को आधुनिक प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा. विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल ट्रेनिंग, सिमुलेशन सेंटर और सुपर-स्पेशियलिटी अस्पतालों में काम करने का प्रत्यक्ष अनुभव उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जाएगा.
नए सत्र के दाखिले की तैयारी पूरी
संस्थान ने नए शैक्षणिक सत्र में बढ़ी हुई सीटों के अनुसार दाखिले की तैयारियां पूरी कर ली हैं. सीटों की संख्या बढ़ने से नर्सिंग क्षेत्र में प्रवेश की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए अवसरों का दायरा भी बढ़ गया है. संस्थान का कहना है कि गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और व्यावहारिक अनुभव के साथ विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए