इस्ट प्लांट बस्ती में गंदे पानी की सप्लाई पर फूटा लोगों का गुस्सा, वाटर प्लांट पर प्रदर्शन

वाटर प्लांट पर प्रदर्शन करते बस्तीवासी | Prabhat Khabar Network
जमशेदपुर के इस्ट प्लांट बस्ती में गंदे पानी की सप्लाई से परेशान लोगों ने वाटर प्लांट पर प्रदर्शन किया। बीमार हो रहे हैं लोग, प्रबंधन ने मरम्मत का दिया आश्वासन।
वरीय संवाददाता, जमशेदपुर
बर्मामाइंस इस्ट प्लांट बस्ती क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हो रही गंदे पानी की आपूर्ति के खिलाफ स्थानीय निवासियों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा. आक्रोशित बस्तीवासियों ने विरोध में इस्ट प्लांट बस्ती स्थित वाटर प्लांट के समक्ष प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पानी का रंग मटमैला है. पानी का उपयोग करने से बच्चे और बुजुर्ग लगातार बीमार पड़ रहे हैं. कई लोग पेट से संबंधित बीमारियों की चपेट में आ चुके हैं.
बार-बार शिकायत करने के बाद भी जब कंपनी प्रबंधन ने स्थिति में सुधार नहीं किया, तो लोगों को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा. नेताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि स्वच्छ पेयजल नागरिकों का बुनियादी अधिकार है. लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द साफ पानी की आपूर्ति बहाल नहीं की गयी, तो लोग आंदोलन के लिए बाध्य होंगे.
तकनीकी खराबी और पाइपलाइन लीकेज है वजह
बस्तीवासी गंगाधर पांडेय ने बताया कि टाटा यूआईएसएल की तकनीकी टीम ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया. प्रारंभिक जांच के बाद कंपनी के अधिकारियों ने उन्हें बताया कि जल हाइड्रेंट को जोड़ने वाली नयी पाइपलाइन में अचानक लीकेज (रिसाव) होने के कारण पानी में गंदगी मिल रही थी. प्रभावित पाइपलाइन से होने वाली जलापूर्ति को अस्थायी रूप से रोक दिया है और मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अशोक झा
अशोक कुमार झा प्रभात खबर जमशेदपुर में वरीय संवाददाता के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में इनके पास 20 वर्षों से अधिक का एक लंबा, समृद्ध और विविधतापूर्ण अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










