डुमरिया में आज 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का होगा उद्घाटन, स्वास्थ्य मंत्री करेंगे लोकार्पण, ये सुविधाएं मिलेंगी

Updated:
विज्ञापन

30 बेड का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र.

डुमरिया प्रखंड में 10 करोड़ की लागत से निर्मित 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का आज उद्घाटन होगा. इस स्वास्थ्य केंद्र के खुलने से स्थानीय ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी.

विज्ञापन

डुमरिया : पोटका विधायक संजीव सरदार के लगातार प्रयासों के बाद डुमरिया प्रखंड के भालुकपातड़ा मौजा में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का मंगलवार को उद्घाटन होगा. झारखंड के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी नवनिर्मित अस्पताल का लोकार्पण करेंगे. अस्पताल के शुरू होने से डुमरिया प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद जगी है. लंबे समय से बेहतर चिकित्सा सुविधा की जरूरत महसूस कर रहे ग्रामीणों को अब स्थानीय स्तर पर इलाज और जांच की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी.

आपके शहर में

विज्ञापन

10 पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को मिलेगा लाभ

नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से डुमरिया प्रखंड की करीब 10 पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है. अब सामान्य बीमारी के इलाज, आवश्यक जांच और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श के लिए ग्रामीणों को दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा. इससे ग्रामीणों के समय और इलाज पर होने वाले अतिरिक्त खर्च में भी कमी आयेगी. ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से अस्पताल का निर्माण किया गया है.

30 बेड की सुविधा, 24 घंटे मिलेगी स्वास्थ्य सेवा

अस्पताल में 30 बेड की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है. यहां मरीजों को चौबीसों घंटे स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गयी है. अस्पताल में विभिन्न प्रकार की खून की जांच की सुविधा भी रहेगी. इसके अलावा गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की जांच और संबंधित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी. किशोर-किशोरियों के लिए किशोर स्वास्थ्य परामर्श केंद्र भी संचालित किया जायेगा.

टीबी, मलेरिया और पीलिया की होगी जांच

अस्पताल परिसर में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट भी संचालित होगी. इस यूनिट के माध्यम से टीबी, मलेरिया और पीलिया (जॉन्डिस) समेत कई आवश्यक स्वास्थ्य जांच की सुविधा ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर मिलेगी. इससे समय पर बीमारी की पहचान और इलाज शुरू करने में मदद मिलेगी. खासकर ग्रामीण इलाकों में जांच के लिए दूर जाने की परेशानी कम होगी.

ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज की उम्मीद

डुमरिया जैसे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्र में 30 बेड का अस्पताल शुरू होना स्वास्थ्य व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अस्पताल में 24 घंटे सेवा उपलब्ध रहने से आपात स्थिति में भी ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी. इससे गंभीर मरीजों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें बेहतर चिकित्सा केंद्र तक रेफर करने में भी सहूलियत होगी.

विधायक के प्रयास से पूरा हुआ सपना

नवनिर्मित अस्पताल को क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. पोटका विधायक संजीव सरदार लंबे समय से डुमरिया क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग और प्रयास करते रहे हैं. करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बने इस अस्पताल के उद्घाटन के बाद अब इसके नियमित और प्रभावी संचालन पर ग्रामीणों की नजर रहेगी. अस्पताल शुरू होने से डुमरिया की करीब 10 पंचायतों के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा मिलने की उम्मीद है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola