ओडिशा के श्री जगन्नाथ धाम में झारखंड सरकार बनाएगी गेस्ट हाउस, 99 करोड़ रुपये होंगे खर्च, ये सुविधाएं मिलेंगी...
प्रतीकात्मक तस्वीर.
झारखंड सरकार ओडिशा के पुरी में अपना नया गेस्ट हाउस बनाने जा रही है. 99 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस अत्याधुनिक भवन से तीर्थयात्रियों और सरकारी कर्मचारियों को सुविधा मिलेगी. यह गेस्ट हाउस श्री जगन्नाथ मंदिर से लगभग 8 किलोमीटर दूर होगा.
रायरंगपुर : ओडिशा के श्री जगन्नाथ धाम-पुरी में अब झारखंड सरकार का अपना अत्याधुनिक झारखंड भवन अपना गेस्ट हाउस होगा. समुद्र के समीप बनने वाले इस गेस्ट हाउस के निर्माण पर करीब 99-करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. वर्तमान ओडिशा के पुरी में झारखंड सरकार का गेस्ट हाउस किराए के भवन में संचालित हो रहा है. नए भवन के निर्माण को लेकर प्राक्कलन तैयार कर लिया गया है और झारखंड सरकार के भवन निर्माण विभाग की ओर से इसका तकनीकी अनुमोदन भी दे दिया गया है.
आपके शहर में
डीपीआर को सीएम ने दी मंजूरी
नए गेस्ट हाउस की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंजूरी दे दी है. अब इसके लिए प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है. परियोजना के पूरा होने के बाद पुरी आने वाले झारखंड के मंत्रियों, सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ आम लोगों को भी ठहरने की सुविधा मिल सकेगी. हालांकि आम लोगों को ठहरने के लिए संबंधित विभाग के माध्यम से बुकिंग करानी होगी.
श्री जगन्नाथ मंदिर से 8 किमी होगी दूरी
ओडिशा सरकार ने अपने इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (IDCO) के माध्यम से पुरी सदर के ग्राम बालुखंडा में झारखंड सरकार को करीब 0.35 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई है. प्रस्तावित स्थल कोणार्क वन्यजीव अभयारण्य के पास स्थित है. वहीं, यह स्थान विश्व प्रसिद्ध भगवान महप्रभु श्री जगन्नाथ-धाम मंदिर से करीब 8 किलोमीटर की दूरी पर है. झारखंड भवन के गेस्ट हाउस के लिए जमीन हासिल करने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है. झारखंड सरकार की ओर से IDCO को 49.70 लाख रुपये लीज प्रीमियम, 7.20 लाख रुपये स्टांप ड्यूटी के साथ वार्षिक किराया और रजिस्ट्रेशन शुल्क का भुगतान किया जा चुका है. दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर लीज एग्रीमेंट भी पहले ही हो चुका है.
यहां मंत्रियों से लेकर आम लोगों तक को मिलेगी सुविधा
नया गेस्ट हाउस बनने के बाद पुरी में झारखंड से आने-जाने वाले लोगों को ठहरने के लिए बेहतर और स्थायी सुविधा उपलब्ध हो सकेगी. खासकर सरकारी दौरे पर आने वाले मंत्रियों और अधिकारियों के लिए यह भवन उपयोगी साबित होगा. साथ ही झारखंड से पुरी घूमने और भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु के दर्शन के लिए आने वाले आम लोगों को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत यहां ठहरने का अवसर मिल सकेगा.
पुरी आने वाले झारखंडवासियों को मिलेगी सहूलियत
करीब 99-करोड़ रुपये की इस परियोजना के प्रशासनिक अनुमोदन के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. समुद्र के नजदीक और श्री जगन्नाथ महाप्रभु मंदिर के आसपास झारखंड सरकार का स्थायी गेस्ट हाउस बनने से पुरी आने वाले झारखंडवासियों के लिए एक बड़ी सुविधा विकसित होने की उम्मीद है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए