जिला कलेक्टर ने आबकारी विभाग की समीक्षा कर अवैध शराब पर रोक लगाने के दिए निर्देश
आबकारी विभाग का निरक्षण करते जिलाधिकारी। | Prabhat Khabar Network
झारसुगुड़ा जिलापाल कुणाल मोतीराम चव्हाण ने आबकारी कार्यालय का निरीक्षण कर अवैध शराब तस्करी रोकने और राजस्व लक्ष्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं.
जिला कलेक्टर मोतीराम चव्हाण ने जिला आबकारी कार्यालय, आबकारी थाना और रेंज कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण एवं समीक्षा की. इस दौरान आबकारी अधीक्षक प्रभात कुमार सेठी मौजूद रहे.
आपके शहर में
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने जिले में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए. उन्होंने आबकारी राजस्व संग्रह को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया. कलेक्टर ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित छापेमारी जारी रखने तथा किसी भी तरह की अवैध या मिलावटी शराब को जिले में प्रवेश नहीं करने देने के लिए कड़ी निगरानी रखने को कहा.
लाइसेंसधारी दुकानों की हुई जांच
कलेक्टर ने सभी लाइसेंसधारी शराब दुकानों का नियमित निरीक्षण करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए. उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए तय आबकारी राजस्व लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने पर जोर दिया.
बैठक में आबकारी विभाग के बुनियादी ढांचे के विकास पर भी चर्चा हुई. विशेष रूप से किरमिरा और कोलाबीरा आबकारी थानों को जल्द पूरी तरह कार्यशील बनाने के लिए जरूरी प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेजने के निर्देश आबकारी अधीक्षक को दिए गए.
विभागीय ढांचे को मजबूत करने पर चर्चा
कार्यालय में रिक्त आवश्यक पदों को भरने के लिए आबकारी आयुक्त को पत्र लिखने का निर्णय लिया गया. निरीक्षण के दौरान विभाग के अभिलेखों, रजिस्टरों और अन्य दस्तावेजों की भी समीक्षा की गई.
इस मौके पर आबकारी निरीक्षक याज्ञसेनी प्रधान, सेक्शन ऑफिसर पुष्पांजलि महाकुड़, कनिष्ठ लिपिक जगन्नाथ साहू सहित विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए