खेल रहे बच्चों की गेंद झाड़ियों में गयी, अंदर देखा तो मिला नरकंकाल, सनसनी
झाड़ियों में मिला नरकंकाल.
जमशेदपुर के मुर्दा मैदान के पास फुटबॉल खेल रहे बच्चों को झाड़ियों में एक नरकंकाल मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कंकाल को कब्जे में ले लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है.
जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र के मुर्दा मैदान के पास सोमवार की दोपहर उस समय सनसनी फैल गयी, जब फुटबॉल खेल रहे बच्चों को झाड़ियों के बीच एक नरकंकाल मिला. गेंद तलाशने झाड़ी में पहुंचे बच्चे की नजर जैसे ही कंकाल पर पड़ी, वह डरकर मैदान की ओर भागा और अन्य बच्चों और स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी.
सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर मानगो और आजादनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की और झाड़ियों से मानव कंकाल बरामद कर लिया. प्रथम दृष्टया कंकाल किसी पुरुष का बताया जा रहा है. पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है.
कई सप्ताह या महीने पुराना हो सकता है कंकाल
पुलिस के अनुसार, कंकाल की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया यह काफी पुराना प्रतीत हो रहा है. इसके कई सप्ताह या महीने पुराना होने की आशंका है. कंकाल सुनसान झाड़ी में मिलने के कारण पुलिस हत्या समेत अन्य संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. हालांकि, मृतक की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा.
लापता लोगों की सूची से होगी पहचान
कंकाल की पहचान पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है. पुलिस आजादनगर समेत आसपास के थाना क्षेत्रों में पिछले कुछ महीनों के दौरान दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है. लापता लोगों की सूची का मिलान बरामद कंकाल से किया जाएगा. इसके अलावा पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगालने की तैयारी में है. जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कंकाल यहां कब और कैसे पहुंचा. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए