सरयू ने खाेले राज - राघव और बन्ना गुप्ता में होती थी गंभीर बातचीत, यहां जानें कॉल रिकॉर्डिंग में ऐसा क्या है...
बन्ना गुप्ता (बाएं), अशोक सिंह राघव (बीच में), सरयू राय (दाएं).
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता पर सीधा हमला बोला है. उन्होंने बन्ना गुप्ता को आपराधिक गतिविधियों का सरगना करार दिया और कई गंभीर आरोप लगाए. सरयू राय ने पुलिस से ऑडियो रिकॉर्डिंग सार्वजनिक करने की मांग की है.
जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने सोमवार को फेसबुक लाइव के जरिये जमशेदपुर की राजनीति और अपराध जगत के गठजोड़ को लेकर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता पर आरोप लगाते हुए उन्हें आपराधिक गतिविधियों का संरक्षक और सरगना करार दिया. सरयू राय ने मांग की कि निखार सबलोक हत्याकांड के मुख्य आरोपी अशोक सिंह राघव और निखार के जब्त मोबाइल फोन में दर्ज सभी फोन रिकॉर्डिंग्स को पुलिस सार्वजनिक करे, ताकि शहर में अपराध में शामिल चेहरों की हकीकत जनता के सामने आ सके. साथ ही सरयू राय ने यह भी दावा किया कि राघव और बन्ना गुप्ता में गंभीर बातचीत होती थी.
फेक अकाउंट और दुष्प्रचार का गिरोह सक्रिय
सरयू राय ने कहा - सोशल मीडिया पर फेक अकाउंट्स चलाकर उनकी छवि धूमिल करने की सुनियोजित साजिश रची जा रही है. उन्होंने दावा किया कि इस फर्जी अभियान का सरगना मानगो का नीतेश मित्तल नामक व्यक्ति है, जो पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता का करीबी सहयोगी है. पिछले कुछ दिनों से उनकी तस्वीरों का इस्तेमाल कर यह बेतुका दुष्प्रचार किया जा रहा है कि वे अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं.
निखार और हरेराम से डेढ़ साल पहले टूटे संबंध
विधायक सरयू राय ने स्पष्ट किया कि निखार सबलोक और हरेराम सिंह से उनका संबंध बीते डेढ़ साल से पूरी तरह समाप्त हो चुका है. 2024 के चुनाव के बाद निखार उनसे अलग होकर दूसरों से जुड़ गया था. उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि कदमा स्थित एक जमीन पर कब्जे की नीयत से जब निखार उनके पास आया था, तो उन्होंने सख्त लहजे में उसकी मदद करने से मना कर दिया था. इसके बाद से ही निखार और हरेराम उनसे दूर हो गये थे. अब निखार की हत्या के बाद उस आपराधिक घटनाक्रम को जबरन उनसे जोड़ने का प्रयास हो रहा है.
यूज करना है, कोई लगाव नहीं : राघव के हवाले से बन्ना पर खुलासा
सरयू राय ने दावा किया कि अशोक सिंह राघव के मोबाइल में बन्ना गुप्ता के साथ हुई कई गंभीर बातचीत की रिकॉर्डिंग्स मौजूद हैं. राघव ने उन्हें बताया था कि बन्ना गुप्ता गणेश सिंह गैंग और निखार सबलोक दोनों का इस्तेमाल अपनी सुविधा के अनुसार कर रहे थे. राघव द्वारा बन्ना से पूछने पर कि आप विरोधियों को तवज्जो क्यों दे रहे हैं? बन्ना का जवाब था कि यह सब केवल 'रणनीति के तहत इस्तेमाल' करने के लिए है, किसी से कोई लगाव नहीं है.
अमित शर्मा को धमकी और टाटा स्टील कर्मचारियों का मुद्दा
सरयू राय ने खुलासा किया कि अमित शर्मा को इंटरनेट कॉल के जरिये दी जा रही धमकियों के पीछे भी बन्ना गुप्ता का ही हाथ है. अमित शर्मा ने जब फोन करने वाले से पूछा, तो उसमें बन्ना गुप्ता के नाम का दर्जनों बार जिक्र हुआ और भाजपा नेता नीरज सिंह जैसा हाल करने की धमकी दी गयी. इसकी पूरी रिकॉर्डिंग साकची थाना को सौंप दी गयी है. इसके अलावा बन्ना गुप्ता द्वारा टाटा स्टील के अधिकारियों को डांटने-फटकारने की रिकॉर्डिंग की भी जांच की मांग उन्होंने की है. सरयू राय ने कहा कि नीरज सिंह को भी गंभीर साजिश के तहत फंसाया गया है.
शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे सरयू
सरयू राय ने कहा कि वे इस पूरे प्रकरण, फेक अकाउंट्स के जरिये छवि खराब करने की साजिश और जमशेदपुर में प्रशासनिक ढिलाई को लेकर जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे. वे मुख्यमंत्री को बताएंगे कि जमशेदपुर में उनके नाम का सहारा लेकर कुछ करीबी लोग किस प्रकार शहर के माहौल को खराब कर रहे हैं. उन्होंने साफ किया कि वे इस तरह की धमकियों और सुनियोजित साजिशों से डरने वाले नहीं हैं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए