जनगणनाकर्मी बनकर महिला को बंधक बनाने वाले मामले में खुलासा, दो संदिग्ध हिरासत में
सीसीटीवी में कैद आरोपी
जमशेदपुर में जनगणनाकर्मी बनकर महिला को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले मामले में पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की है. दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश जारी है.
जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर 15 स्थित श्रीकृष्णा उद्यान के गोविंदा ब्लॉक में जनगणनाकर्मी बनकर महिला को बंधक बनाने और लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. वहीं, घटना से जुड़े कुछ स्थानों के सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिले हैं, जिसके आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जांच की जा रही है.
आपके शहर में
पुलिस की तकनीकी सेल भी मामले की जांच में जुटी है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ की है. हालांकि, अब तक मिले फुटेज में महिला और दोनों बदमाशों के चेहरे साफ दिखाई नहीं दे रहे हैं. पुलिस अब बदमाशों के आने और जाने वाले रास्तों पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है.
अस्पताल से छुट्टी के बाद महिला ने दिया लिखित आवेदन
घटना में घायल लीलावती अम्मा को मंगलवार को टीएमएच अस्पताल से छुट्टी मिल गयी. इसके बाद बुधवार को उन्होंने मानगो थाना में लिखित आवेदन दिया. आवेदन में उन्होंने एक महिला समेत तीन अज्ञात लोगों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है.
जनगणनाकर्मी बनकर फ्लैट में घुसे थे बदमाश
गौरतलब है कि 31 अगस्त की दोपहर महिला समेत तीन अपराधी जनगणनाकर्मी बनकर लीलावती के फ्लैट में जबरन घुस गये थे. आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें बंधक बनाकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद उनके गले से सोने की चेन और कान की बालियां उतरवा लीं.
बदमाशों ने घर में रखे अन्य गहने और कीमती सामान भी अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद लीलावती को बालकनी में बंद कर सभी फरार हो गये. बदमाशों के जाने के बाद महिला ने बालकनी से शोर मचाकर पड़ोसियों से मदद मांगी थी. मामले में पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए