बाइक से घर लौट रहे प्रभात खबर के पत्रकार के बड़े भाई को आया हार्ट अटैक, सड़क पर गिरे, मौत
ओम प्रकाश सिंह (फाइल फोटो).
बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रोड नंबर छह निवासी दवा व्यवसायी ओम प्रकाश सिंह का सोमवार की देर रात हार्ट अटैक से निधन हो गया. वे प्रभात खबर के पत्रकार दीपक सिंह के बड़े भाई थे. दुकान बंद कर घर लौटते समय वे सड़क पर गिर गए.
जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रोड नंबर छह निवासी दवा व्यवसायी ओम प्रकाश सिंह (43) का सोमवार की देर रात असामयिक निधन हो गया. वे प्रभात खबर के पत्रकार दीपक सिंह के बड़े भाई थे. घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि उनकी मृत्यु हार्ट अटैक से हुई है. जानकारी के अनुसार, ओम प्रकाश की आदित्यपुर में दवा की दुकान है.
आपके शहर में
दुकान बंद कर लौट रहे थे घर, तभी हुआ हादसा
सोमवार की रात करीब 11 बजे वे रोज की तरह दुकान बंद कर अपनी बाइक से बागबेड़ा स्थित घर लौट रहे थे. घर के समीप रोड नंबर छह के पास वे अचानक बाइक सहित सड़क पर गिरकर अचेत हो गये. जब वे काफी देर तक घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की. देर रात परिजनों ने उन्हें घर के समीप ही सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पाया. परिजन उन्हें फौरन इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) लेकर पहुंचे. यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
परिजनों को पहले दुर्घटना की हुई थी आशंका
प्रारंभिक स्थिति को देखकर परिजनों ने आशंका जतायी थी कि तेज बारिश के कारण बाइक स्किड करने से यह हादसा हुआ. हालांकि, शरीर पर गंभीर चोट के निशान नहीं मिले और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत की मुख्य वजह हार्ट अटैक सामने आयी. मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गये हैं. इस दुखद घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ओम प्रकाश सिंह के आकस्मिक निधन पर प्रभात खबर परिवार ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए