डीसी ऑफिस के गेट पर चढ़े भाजपा कार्यकर्ता, परीक्षा में धांधली को लेकर सरकार पर लगाया ये आरोप, मचा बवाल...
डीसी ऑफिस के गेट के समक्ष प्रदर्शन करते भाजपा कार्यकर्ता.
जमशेदपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने की मांग की है.
जमशेदपुर : जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं को लेकर मंगलवार को जमशेदपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़क पर दिखा. भाजपा जमशेदपुर महानगर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने डीसी ऑफिस के सामने प्रदर्शन किया. इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई. प्रदर्शन कर रहे कुछ कार्यकर्ता डीसी ऑफिस के गेट पर भी चढ़ गये और अपना विरोध दर्ज कराया.
छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग
भाजपा ने प्रदर्शन के जरिए मुख्य रूप से छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच कराने की मांग उठायी. भाजपा कार्यालय से डीसी ऑफिस तक पैदल मार्च प्रदर्शन से पहले भाजपा कार्यकर्ता साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में जुटे. हाथों में तख्तियां लेकर कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचे. रास्ते में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और छात्रों के साथ न्याय की मांग की.
तीन प्रमुख मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम ज्ञापन सौंपा. इसमें छात्रों और भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर तीन प्रमुख मांगें रखी गयीं. छात्र आंदोलन के दौरान और उसके बाद छात्रों पर विभिन्न थानों में दर्ज एफआईआर तत्काल वापस ली जाये. जेपीएससी और जेएसएससी की जिन परीक्षाओं को कथित धांधली या अनियमितताओं के कारण रद्द अथवा स्थगित किया गया, उनकी सीबीआई जांच की अनुशंसा राज्य सरकार करे. परीक्षा गड़बड़ी के मामलों में गिरफ्तार आयोग के अध्यक्ष के अलावा अन्य जिम्मेदार सदस्यों और संबंधित पदाधिकारियों की भूमिका की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाये.

दोषियों को संरक्षण और छात्रों पर कार्रवाई, यह दोहरा रवैया नहीं चलेगा
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा - जेपीएससी-जेएसएससी समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में हुई धांधली और भ्रष्टाचार ने झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य और व्यवस्था पर भरोसे को गंभीर नुकसान पहुंचाया है. उन्होंने कहा कि परीक्षा में अनियमितता के आरोपों के बीच छात्रों की आवाज उठाने पर उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज करना उचित नहीं है. भाजपा ने सरकार से छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने और परीक्षा से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.
संजीव सिन्हा के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन
प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने किया. उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार को जवाबदेही तय करनी होगी. भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता जरूरी है और किसी भी गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. प्रदर्शन में झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, पूर्व विधायक मेनका सरदार समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए.
बड़ी संख्या में जुटे भाजपा कार्यकर्ता
प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, रामबाबू तिवारी, नंदजी प्रसाद, दिनेश कुमार, गुंजन यादव, सुधांशु ओझा, सत्या तिवारी, राजन सिंह, राजेश शुक्ल, योगेश मल्होत्रा, अनिल मोदी, कुलवंत सिंह बंटी, मिथिलेश सिंह यादव, रमेश हांसदा, कुसुम पूर्ति समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. भाजपा नेताओं ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का सीधा असर युवाओं के भविष्य पर पड़ता है. ऐसे में सरकार को मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों पर कार्रवाई और छात्रों को राहत देने की दिशा में तत्काल कदम उठाना चाहिए.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए