बिना अनुमति निकाली मतदाता जागरूकता रैली, पुलिस ने डीजे और ऑटो जब्त किया

Updated at : 23 Sep 2019 8:46 AM (IST)
विज्ञापन
बिना अनुमति निकाली मतदाता जागरूकता रैली, पुलिस ने डीजे और ऑटो जब्त किया

जमशेदपुर : बागबेड़ा क्षेत्र में टाइगर क्लब ने रविवार दोपहर 1.30 बजे मतदाता जागरूकता रैली निकाली. रैली में विधायक मेनका सरदार के खिलाफ खुलकर नारेबाजी की गयी. रैली के लिए बनाये गये बैनर में ‘मेनका हटाओ पोटका बचाओ’ का स्लोगन लिखा था. पुलिस ने बिना अनुमति रैली निकालने की बात कहते हुए डीजे, ऑटो, बैनर, […]

विज्ञापन

जमशेदपुर : बागबेड़ा क्षेत्र में टाइगर क्लब ने रविवार दोपहर 1.30 बजे मतदाता जागरूकता रैली निकाली. रैली में विधायक मेनका सरदार के खिलाफ खुलकर नारेबाजी की गयी. रैली के लिए बनाये गये बैनर में ‘मेनका हटाओ पोटका बचाओ’ का स्लोगन लिखा था.

पुलिस ने बिना अनुमति रैली निकालने की बात कहते हुए डीजे, ऑटो, बैनर, पोस्टर आदि जब्त कर लिया है. पुलिस का दावा है कि रैली निकालने से पहले ही उसे रोक दिया गया. जबकि दूसरी ओर बताया जा रहा है कि रैली खत्म होने के बाद पुलिस ने डीजे-बैनर-ऑटो जब्त करने की खानापूर्ति की. रैली का नेतृत्व कर रहे टाइगर क्लब के आजाद गिरि को पुलिस बागबेड़ा थाना ले आयी.
थाना में आजाद ने डीएसपी आलोक रंजन को बताया कि उन्होंने एसडीओ कार्यालय में 20 सितंबर को रैली निकालने के लिए आवेदन दिया था. हालांकि आजाद ने माना कि रैली की अनुमति नहीं मिली थी. उन्होंने कहा कि रैली निकालने के पूर्व उन्होंने बागबेड़ा थाना प्रभारी को सुबह 11.30 बजे मौखिक रूप से जानकारी दे दी थी. जिसमें थाना प्रभारी ने शांतिपूर्ण तरीके से रैली निकालने को कहा था.
उधर, डीएसपी ने बताया कि बिना अनुमति रैली निकालने की सूचना पर कार्रवाई की गयी है. फिलहाल किसी पर मामला नहीं दर्ज किया गया है. हालांकि पुलिस रैली निकालने वालों के खिलाफ बिना अनुमति मतदाता जागरूकता रैली के नाम पर गलत प्रचार करने का मामला दर्ज कर सकती है. रैली में तीन सौ से अधिक लोगों के शामिल होने की जानकारी मिलने पर क्यूआरटी को बुला लिया था.
वहीं, बताया जाता है कि पुलिस ने रैली और उसमें हो रही नारेबाजी की रिकॉर्डिंग करायी है. रैली बजरंग टेकरी रोड से होकर डीबी रोड, लाल बिल्डिंग मोड़ से वापस बजरंग टेकरी रोड आजाद गिरि के घर तक पहुंची. पुलिस ने रैली खत्म होने के बाद आजाद गिरि के घर के सामने से डीजे और ऑटो जब्त किया है.
बिना अनुमति मतदाता जागरूकता रैली निकालने की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की है. ऑटो, डीजे और बैनर-पोस्टर जब्त किये गये है. रैली शुरू होने से पहले ही कार्रवाई की गयी है.
आलोक रंजन, डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर)
रैली निकालने के लिए एसडीओ कार्यालय में 20 सितंबर को पत्र दिया था. रविवार की सुबह थाना प्रभारी से मिलकर रैली निकालने की बात कही थी. उन्होंने कहा कि रैली शांतिपूर्ण तरीके से निकलना चाहिए. इसके बाद रैली निकाली गयी. रैली में कोई हुड़दंग नहीं हुआ. हां, स्थानीय विधायक के खिलाफ हमने रैली निकाली थी.
आजाद गिरि, संस्थापक सदस्य, टाइगर क्लब
नारेबाजी के िखलाफ थाना पहुंचे भाजपाई
भाजपा और पोटका विधायक मेनका सरदार के खिलाफ नारेबाजी करने की जानकारी मिलने के बाद बागबेड़ा भाजपा मंडल अध्यक्ष, महासचिव अन्य पदाधिकारी थाना पहुंचे गये थे. आजाद गिरि ने आरोप लगाया है कि भाजपा के उच्च पदाधिकारियों के इशारे पर यह कार्रवाई की गयी है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola