बिष्टुपुर गैरेज लाइन में लगी आग सिलिंडर फटा, तीन जवान जख्मी

Updated at : 10 Oct 2018 6:10 AM (IST)
विज्ञापन
बिष्टुपुर गैरेज लाइन में लगी आग सिलिंडर फटा, तीन जवान जख्मी

जमशेदपुर : बिष्टुपुर डायगनल रोड (शुलभ इंटरनेशनल के दफ्तर से सटे) स्थित गैरेज लाइन के करीब मंगलवार की शाम नौ झोपड़ीनुमा दुकानें जलकर राख हो गयी. इस दौरान गैस सिलिंडर विस्फोट से पुलिस के तीन जवान जख्मी हो गये. वहीं धमाकों की आवाज से आसपास के लोग सहम गये. जानकारी के अनुसार इन दुकानों में […]

विज्ञापन
जमशेदपुर : बिष्टुपुर डायगनल रोड (शुलभ इंटरनेशनल के दफ्तर से सटे) स्थित गैरेज लाइन के करीब मंगलवार की शाम नौ झोपड़ीनुमा दुकानें जलकर राख हो गयी. इस दौरान गैस सिलिंडर विस्फोट से पुलिस के तीन जवान जख्मी हो गये. वहीं धमाकों की आवाज से आसपास के लोग सहम गये.
जानकारी के अनुसार इन दुकानों में गैरेज का संचालन होता है. आगजनी से गैरेजों में खड़ी गाड़ियां और उनके कलपुर्जे भी जलकर राख हो गयी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पास स्थित बजरंगबली के मंदिर में बिजली कनेक्शन से हुए शॉर्ट सर्किट से आग लगी व देखते ही देखते सभी गैरेज दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. आग पर जब तक काबू पाया जाता, तब तक पूरी दुकानें जल गयी थी.
आग लगने के दौरान वेल्डिंग की दुकान समेत गैरेज में रखे गैस की टंकी में विस्फोट से पूरा बिष्टुपुर क्षेत्र के लोगों की सांसें थम गयी. गैस सिलिंडर फटने से बिष्टुपुर टाइगर मोबाइल का जवान सलमान समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गये, जिनका इलाज एमजीएम अस्पताल में कराया गया. मौके पर टाटा स्टील और झारखंड अग्निशमन विभाग की दो दमकलें आयीं और आग पर काबू पाया.
आग पर काबू पाने के लिए बिष्टुपुर थाना प्रभारी श्रीनिवास समेत तमाम पुलिस बल भी सक्रिय रहे. आगजनी से मदन कुमार, गोल्डी, इरशाद, शमशेर, पप्पू और राजकुमार की दुकानें जलीं हैं. यहां छोटे-छोटे नौ गैरेज दुकानें जलीं हैं. नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक सह मंत्री सरयू राय के प्रतिनिधि चित्तरंजन वर्मा, भाजपा के बिष्टुपुर मंडल अध्यक्ष सुरंजन राय, कांग्रेस नेता धर्मेंद्र प्रसाद समेत अन्य राजनीतिक दलों के लोग भी घटना स्थल पहुंचे.
अवैध दुकानों को अब बसने की इजाजत नहीं
बिष्टुपुर थाना प्रभारी श्रीनिवास ने बताया कि सभी दुकानें वहां अवैध तरीके से लगायी गयी है. दुकानों को हटाने के लिए पहले से ही बोल दिया गया था. सभी दुकानों को अब बसने की इजाजत नहीं दी जा सकती है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola