युवक की गला रेतकर हत्या

सिकरी ओपी क्षेत्र के चिट्ठाही खेत में मिला शव
बड़कागांव. सिकरी ओपी क्षेत्र के पार नदी गांव निवासी तुलसी महतो (30 वर्ष, पिता रामेश्वर महतो) की गला रेत का हत्या कर दी गयी. उसका शव तीन मार्च को पार नदी स्थित ऊपर मोहडर के चिट्ठाही नामक खेत में मिला. इस घटना से मर्माहत ग्रामीणों ने होली नहीं मनायी. सिकरी पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर जांच-पड़ताल की. मृतक की पत्नी के बयान पर मामला दर्ज किया गया है. मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. तुलसी महतो घर का इकलौता पुत्र था. चार माह पूर्व उसके पिता का निधन हो गया था. तब से घर के सदस्यों की देखभाल की जिम्मेवारी उसी पर थी. 10 वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी. वह अपने पीछे मां, पत्नी, एक आठ वर्षीय पुत्र व एक पांच वर्षीय पुत्री को छोड़ गया है. इस घटना से गांव में आक्रोश है. दो मार्च को दुर्गा मंदिर के पास आखिरी बार देखा गया था ग्रामीणों ने बताया कि दो मार्च की सुबह करीब नौ बजे सिकरी के दुर्गा मंदिर के पास तुलसी महतो को एक युवक के साथ देखा गया था. वे दोनों ढलाई का काम करने के लिए जा रहे थे. तुलसी महतो ढलाई करने के बाद 15 हजार रुपये लेकर घर लौट रहा था. रास्ते में ही अंडा खरीदकर एक युवक से अंडा घर भेजवाया, लेकिन वह घर नहीं गया. तीन मार्च की सुबह उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की. इसी क्रम में चिट्ठाही नामक खेत में दोपहर दो बजे तुलसी महतो का शव देखा गया. मुखिया ने घटना के शीघ्र उदभेदन की मांग की : सिकरी पंचायत के मुखिया प्रभु महतो ने कहा कि तुलसी महतो मजदूर था. वह घर का अकेला कमाऊ सदस्य भी था. उसकी मौत से परिवार के समक्ष आर्थिक स्थिति उत्पन्न हो गयी है. उन्होंने पुलिस ने घटना का शीघ्र उदभेदन कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है. बड़कागांव में आपराधिक घटनाएं बढ़ी, दहशत में लोग दो दिन पहले सिकरी गांव के रविदास मोहल्ला में एक विवाहिता की दहेज के लिए हत्या कर दी गयी थी. मामले में पुलिस ने मृतका के पति काे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. 16 फरवरी को बादम के बाबूपारा गांव में वृद्ध दंपती की गला रेत कर हत्या कर दी गयी थी. 15 दिन पहले बड़कागांव के डेली मार्केट में नंदनी ज्वेलर्स के संचालक से लुटेरे 25 लाख के सोने-चांदी के जेवरात छीनकर भाग गये थे. 24 फरवरी की रात नाटक गढ़ा में महेश साव के बर्तन दुकान में भी चोरी हुई थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




