हजारीबाग में बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन का बड़ा कदम, बाल संरक्षण संस्थानों की हुई समीक्षा
डीसी हेमंत सती
हजारीबाग में उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में बाल संरक्षण और सामाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और बाल श्रम पर विशेष जोर दिया गया. आवश्यक सुधारों के लिए निर्देश जारी किए गए.
हजारीबाग: उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में शुक्रवार को सामाजिक सुरक्षा एवं बाल संरक्षण विभाग की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा, देखरेख और जिले में संचालित बाल संरक्षण संस्थानों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित और सम्मानजनक बचपन मिलना चाहिए. बच्चों के संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और समुचित विकास को सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है.
आपके शहर में
उपायुक्त ने सृजन फाउंडेशन में आवासित बच्चों की देखरेख, इलाज और अन्य सुविधाओं की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया. उन्होंने बरही में किराये के भवन में संचालित बाल गृह को बेहतर और स्थायी सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हजारीबाग स्थानांतरित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा.
संप्रेक्षण गृह में अधीक्षक पद के लिए भेजा जायेगा पत्र
उपायुक्त ने संप्रेक्षण गृह में अधीक्षक पद की स्वीकृति के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजने का निर्देश दिया. बैठक में फोस्टर केयर के तहत रह रहे बच्चों की स्थिति की भी समीक्षा की गयी. अधिकारियों से बच्चों की नियमित निगरानी और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया.
बाल श्रम के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश
बैठक में जिले में बाल श्रम के मामलों की भी समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने बाल श्रम के खिलाफ नियमित जांच और अभियान चलाने तथा शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने आम लोगों से भी बाल श्रम की जानकारी मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना देने की अपील की.
उपायुक्त ने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रशासन, संबंधित विभाग और समाज को मिलकर काम करना होगा. बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनकी शिक्षा और बेहतर भविष्य सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है.
बैठक में उप विकास आयुक्त रिया सिंह, बाल संरक्षण पदाधिकारी संजय प्रसाद समेत सामाजिक सुरक्षा एवं बाल संरक्षण विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए