झारखंड फुटबॉल संघ की बैठक में नयी गाइडलाइन पर फैसला, पदाधिकारियों के लिए 12 साल की सीमा
झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन के सदस्य बैठक में | Prabhat Khabar Network
हजारीबाग में झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन की बैठक में नई गाइडलाइन पर सहमति बनी। अब संघ के नियमों में बड़े बदलाव किए गए हैं, जानें क्या हैं नए निर्देश।
हजारीबाग. इंद्रलोक टावर में मंगलवार को झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन की बैठक हुई. अध्यक्षता एसोसिएशन के उपाध्यक्ष समीर उरांव ने की. बैठक की मेजबानी हजारीबाग जिला फुटबॉल संघ ने की. इसमें राज्य के 24 जिलों के अध्यक्ष और सचिव शामिल हुए. बैठक में भारत सरकार की ओर से जारी नयी गाइडलाइन पर विस्तार से चर्चा की गयी और उसके अनुरूप कार्य करने का निर्णय लिया गया.
बैठक में तय किया गया कि कोई भी व्यक्ति एक समय में केवल एक फुटबॉल संघ का सदस्य रह सकेगा. अध्यक्ष, सचिव या कोषाध्यक्ष के पद पर लगातार 12 वर्षों तक योगदान देने वाले पदाधिकारियों को पद छोड़ना होगा. हालांकि, वे संघ में सामान्य सदस्य के रूप में योगदान जारी रख सकेंगे.
बैठक में 15 सदस्यीय संघ में अध्यक्ष, सचिव या कोषाध्यक्ष में से किसी एक पद पर महिला सदस्य की मौजूदगी अनिवार्य करने पर सहमति बनी. इसके अलावा कार्यकारिणी में भी कम से कम एक महिला सदस्य को शामिल किया जायेगा.
संघों में अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और राज्य स्तर के खिलाड़ियों को प्राथमिकता देने पर भी सहमति बनी. खिलाड़ियों के राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्य स्तरीय मैच खेलने से पहले पोर्टल पर सीआरएस आइडी का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया गया है.
मैच रेफरी के लिए भी नये मापदंड तय किये गये. राज्य और राष्ट्रीय स्तर के रेफरी बनने के लिए अपने जिले में कम से कम 25 लीग मैचों में रेफरिंग करना अनिवार्य होगा.
बैठक में गुलाम रब्बानी, मुस्तफा, कलेश्वर, आलोक कुमार, मसूद आलम, शशिकांत शर्मा, दिलीप गोप समेत कई लोग मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए