गार्ड को बंधक बनाकर L&T वेयर हाउस में लूट, पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत दो को दबोचा

Updated:
विज्ञापन

चरही में L&T वेयर हाउस लूटकांड का खुलासा

हजारीबाग में एलएंडटी कंपनी के वेयर हाउस में गार्ड को बंधक बनाकर हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मामले में मुख्य षड्यंत्रकर्ता मो जमाल समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

विज्ञापन

हजारीबाग: हजारीबाग के चरही थाना क्षेत्र के चरही ओवरब्रिज के पास स्थित एलएंडटी कंपनी के वेयर हाउस में गार्ड को बंधक बनाकर की गयी लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रजरप्पा थाना क्षेत्र के मायल गांव निवासी मो जमाल (30) और जरियो गांव निवासी मो नासीर के रूप में हुई है.

आपके शहर में

विज्ञापन

जानकारी के अनुसार, अज्ञात अपराधियों ने एलएंडटी कंपनी के वेयर हाउस में तैनात गार्ड को बंधक बनाकर लूट की घटना को अंजाम दिया था. इस संबंध में चरही थाना में कांड संख्या 59/26 के तहत अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था. इसी तरह पेलावल ओपी क्षेत्र में भी लूट की घटना हुई थी, जिसके संबंध में कटकमसांडी थाना (पेलावल ओपी) में कांड संख्या 105/20 दर्ज किया गया था.

दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विष्णुगढ़ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया. टीम ने अनुसंधान के दौरान दोनों कांडों के मुख्य षडयंत्रकर्ता मो जमाल और उसके सहयोगी मो नासीर को गिरफ्तार किया.

निशानदेही पर लूट का सामान बरामद

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर एलएंडटी कंपनी के वेयर हाउस से लूटे गये सामानों की बरामदगी की गयी. जांच में यह भी सामने आया कि लूट का सामान हजारीबाग के कबाड़ी कारोबारी इम्तियाज आलम, निवासी सरदार चौक, सदर थाना क्षेत्र, को बेचा गया था.

पुलिस के अनुसार, मो जमाल के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस दोनों मामलों में लूट की घटना से जुड़े अन्य आरोपियों और सामान की खरीद-बिक्री में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

एसआईटी में शामिल रहे अधिकारी

छापेमारी दल में डीएसपी ज्ञान रंजन, फौजान अहमद, चरही थाना प्रभारी अजीत कुमार, बिट्टू रजक, कुमार अश्विनी, अभय आनंद, प्रमोद राय समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लूट की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola