एसपी अमन कुमार ने 82 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया मनोबल
प्रशस्ति पत्र देते एसपी | Prabhat Khabar Network
हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने मुठभेड़, मोबाइल बरामदगी और अपराध नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 82 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
हजारीबाग: जिले में बेहतर एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले 82 पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को एसपी अमन कुमार ने शनिवार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. पुलिसकर्मियों को यह सम्मान विभिन्न आपराधिक गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई, मुठभेड़ में साहस का परिचय देने, मोबाइल बरामदगी, हत्याकांड के उद्भेदन, नशा विरोधी जागरूकता अभियान और छिनतई गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी में उल्लेखनीय भूमिका निभाने के लिए दिया गया.
30 जुलाई 2026 को बड़कागांव थाना क्षेत्र में प्रिंस खान गैंग से जुड़े संगठित अपराधकर्मियों और हजारीबाग पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में एक अपराधी को हथियार सहित गिरफ्तार किया गया था. मुठभेड़ के दौरान साहस और धैर्य का परिचय देने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को प्रशस्ति पत्र दिया गया. इनमें बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद, विष्णुगढ़ एसडीपीओ फौजान अहमद, पुलिस निरीक्षक शाहिद रजा, लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा, चरही थाना प्रभारी अजीत कुमार, केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय, पगार ओपी प्रभारी दिनेश कुमार मंडल, कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक, बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह और तकनीकी शाखा के शशि रंजन जायसवाल शामिल हैं.
आठ अगस्त को बड़कागांव थाना क्षेत्र में राहुल दुबे और प्रिंस खान गैंग से जुड़े अपराधकर्मियों के साथ हुई मुठभेड़ में एक अपराधी को हथियार सहित गिरफ्तार किया गया था. इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले एसडीपीओ अमित आनंद, पुलिस निरीक्षक शाहिद रजा, वेद प्रकाश पांडेय, नेमधारी रजक, दीपक कुमार सिंह, रथु उरांव, सागेन मुर्मू, मो. इकबाल हुसैन, राकेश खरवार और शशि रंजन जायसवाल को सम्मानित किया गया.
24 जुलाई को केरेडारी थाना क्षेत्र में राहुल दुबे गैंग से जुड़े अपराधकर्मियों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में भी एक अपराधी को हथियार सहित गिरफ्तार किया गया था. इस कार्रवाई में बेहतर भूमिका निभाने वाले एसडीपीओ अमित आनंद, पुलिस निरीक्षक शाहिद रजा, निशांत केरकेट्टा, वेद प्रकाश पांडेय, दिनेश मंडल, नेमधारी रजक, सिद्धेश्वर पंडित और शशि रंजन जायसवाल को प्रशस्ति पत्र दिया गया.
सीइआइआर पोर्टल से बरामद किये गये गुम मोबाइल
जिले में जनवरी से अब तक सीइआइआर पोर्टल के माध्यम से गुम एवं चोरी हुए मोबाइल बरामद कर वास्तविक धारकों को सौंपने में बेहतर कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया. इनमें एएसपी अमित कुमार, साइबर थाना के दीपक कुमार और नेमधारी रजक शामिल हैं. नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने के लिए बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर और इंस्पेक्टर विनोद कुमार को प्रशस्ति पत्र दिया गया. वहीं, सेवानिवृत्त शिक्षक हत्याकांड का उद्भेदन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर और इंस्पेक्टर अनिल कुमार को भी सम्मानित किया गया.
कोढ़ा गैंग के आठ आरोपियों की गिरफ्तारी में अहम भूमिका
छिनतई गिरोह कोढ़ा गैंग के आठ आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल करने वाले पुलिस पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया. इनमें सदर एसडीपीओ, सीसीआर डीएसपी, लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा, सदर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर चंद्रशेखर कुमार, नेमधारी रजक, पंकज कुमार और सरोज सिंह चौधरी शामिल हैं.
एसपी अमन कुमार ने सभी सम्मानित पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के कार्यों की सराहना की. उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की मेहनत, साहस और कर्तव्यनिष्ठा से जिले में अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग को मजबूती मिलती है. प्रशस्ति पत्र देकर पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाया गया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए