गुमला: दोस्तों के साथ नहाने गए युवक की चेकडैम में डूबने से मौत
Published by : Sweta Vaidya Updated At : 23 May 2026 12:53 PM
ग्रामीणों की भीड़
Gumla News: गुमला के कुलाबीरा पंचायत स्थित चेकडैम में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया. छह दोस्तों के साथ नहाने गए 18 वर्षीय सन्नी कुमार सिंह तेज चक्रवाती बहाव में फंसकर पाइप के अंदर समा गया, जिससे उसकी मौत हो गई.
गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट
Gumla News: गुमला के कुलाबीरा पंचायत स्थित चेकडैम शुक्रवार की दोपहर का उठे चक्रवाती पानी में 18 वर्षीय सन्नी कुमार सिंह समा गया. जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के वक्त सन्नी के छह दोस्त भी थे. लेकिन वे सन्नी को बचा नहीं सके. बताया जा रहा है कि छह दोस्त गर्मी से राहत पाने और मस्ती करने के लिए चेकडैम में नहाने पहुंचे थे.
चेकडैम में नहाने के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सन्नी अपने छह दोस्तों मनीष कुमार, करन गोस्वामी, विष्णु कुमार, कुशल प्रजापति, विक्रम साहू और एक अन्य के साथ कुलाबीरा पंचायत स्थित चेकडैम में नहाने पहुंचे थे. भीषण गर्मी के बीच सभी दोस्त हंसी-मजाक करते हुए पानी में छलांग लगा रहे थे. चेकडैम में उस समय पानी का बहाव काफी तेज था. ग्रामीणों ने चेकडैम को बांध रखा था और पानी निकासी के लिए बड़े-बड़े पाइप लगाए गए थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही सभी दोस्तों ने पानी में छलांग लगाई उसी दौरान सन्नी अचानक तेज चक्रवाती बहाव की चपेट में आ गया. देखते ही देखते वह पाइप की ओर खिंचता चला गया. दोस्तों ने उसे पकड़ने और बचाने की कोशिश की. लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि सन्नी कुछ ही सेकेंड में पाइप के भीतर समा गया.
ग्रामीणों ने घंटों किया रेस्क्यू
दोस्तों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे. किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि कुछ पल पहले हंसता-खेलता युवक अचानक मौत के मुंह में समा गया. ग्रामीण तुरंत चेकडैम के नीचे उतरे और पाइप के भीतर फंसे सन्नी को निकालने के लिए घंटों मशक्कत करते रहे. काफी प्रयास के बाद जब सन्नी को पाइप के अंदर से बाहर निकाला गया. तब तक बहुत देर हो चुकी थी उसकी मौत हो चुकी थी.
पुलिस घटनास्थल पर पहुंची
घटना की सूचना मिलने पर उर्मी पुलिस पिकेट के प्रभारी अम्पा हेम्ब्रम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
यह भी पढ़ें: बिरसा मुंडा जेल की महिला बंदी के गर्भवती होने के मामले पर हाईकोर्ट सख्त, डीजीपी से मांगा जवाब
यह भी पढ़ें: झारखंड हाईकोर्ट से आलमगीर आलम को झटका, टेंडर कमीशन घोटाले में डिस्चार्ज याचिका खारिज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sweta Vaidya
श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर कार्यरत हैं. कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. पिछले करीब दो महीनों से वे झारखंड बीट पर सक्रिय रूप से काम कर रही हैं. इस दौरान वे राज्य से जुड़ी ताजा खबरों, लोगों से जुड़े मुद्दे और जरूरी जानकारियों पर आधारित स्टोरीज तैयार कर रही हैं. इससे पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर रोचक और उपयोगी आर्टिकल लिखे. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










