Gumla News: परिवार नियोजन काउंसलर ने पति पर लगाया मारपीट और प्रताड़ना का आरोप, जान से मारने की धमकी का भी दावा

Updated:
विज्ञापन

गुमला में परिवार नियोजन काउंसलर ने अपने पति पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। एसपी को आवेदन देकर महिला ने अपनी और बच्चों की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

विज्ञापन

बसिया, गुमला: रेफरल अस्पताल बसिया में कार्यरत परिवार नियोजन काउंसलर वंदना केरकेट्टा ने अपने पति फनी भूषण सिंह पर मारपीट, मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. वंदना ने इस संबंध में एसपी गुमला और बसिया थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.

आपके शहर में

विज्ञापन

आवेदन के अनुसार, वंदना की शादी चार जनवरी 2007 को फनी भूषण सिंह के साथ हुई थी. शादी के बाद उनके दो बच्चे हैं. वंदना का आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद से उनके पति नशे में उनके साथ मारपीट करने लगे और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहे. उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह गर्भवती थीं, तब उनके पति दूसरी लड़की को घर लाकर रखने लगे.

वंदना ने बताया कि पति की प्रताड़ना से परेशान होकर उन्होंने कई बार गुमला थाना और गुमला महिला थाना में शिकायत की. वहां समझाने के बाद परिवार के लोगों ने उन्हें दोबारा ससुराल भेज दिया. इसके बाद उन्होंने छोटा-मोटा काम कर बच्चों का पालन-पोषण किया और उन्हें पढ़ाया-लिखाया. इसी दौरान उन्होंने बीए तक की पढ़ाई पूरी की और एनएचएम में परिवार नियोजन काउंसलर की नौकरी प्राप्त की.

वंदना का आरोप है कि पति द्वारा बच्चों की स्कूल फीस के लिए पैसे मांगने पर भी उनके साथ मारपीट की जाती थी. उनके मना करने के बावजूद पति ने उनके नाम पर बैंक से 1.20 लाख रुपये का लोन ले लिया. लोन की किस्त चुकाने की बात आने पर पति यह कहते थे कि लोन उनके नाम पर है, इसलिए वह खुद जिम्मेदार हैं. वंदना ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति कई बार उन्हें जान से मारने की धमकी दे चुके हैं.

उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत ससुराल वालों से भी की गयी, लेकिन उन्होंने मामले को नजरअंदाज कर दिया. इधर, 13 अगस्त 2026 को पति उनके किराये के मकान और रेफरल अस्पताल बसिया स्थित कार्यस्थल पर पहुंचकर हंगामा करने लगा और उन्हें बेइज्जत करने की धमकी दी.

वंदना ने कहा कि उन्हें आशंका है कि उनका पति किसी दिन उनकी हत्या कर सकता है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola