खस्सी चोरी में दो युवकों को नामजद करने पर ग्रामीणों का आक्रोश, पांच टेंपो से थाना पहुंचे ग्रामीण
बैठक करते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
नावाटोली अंबा बगीचा गांव में खस्सी चोरी के झूठे आरोप में दो युवकों को फंसाए जाने के विरोध में ग्रामीण लामबंद हो गए हैं. ग्रामीणों ने सबूतों की मांग करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. आक्रोशित ग्रामीणों का दल पांच टेंपो से गुमला थाना पहुंचा और आरोपियों के नाम हटाने की मांग की.
गुमला. सदर थाना क्षेत्र के नावाटोली अंबा बगीचा गांव में खस्सी चोरी के मामले में दो युवकों को आरोपी बनाये जाने के विरोध में ग्रामीणों ने विशेष बैठक की. बैठक में मुखिया सत्यवती देवी, ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना पर्याप्त सबूत और गवाह के गांव के दो युवकों के खिलाफ खस्सी चोरी की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.
बैठक में ग्रामीणों ने संबंधित लोगों से दोनों युवकों पर लगाये गये आरोपों के समर्थन में सबूत और गवाह प्रस्तुत करने को कहा. ग्रामीणों के अनुसार, आरोप लगाने वाले पक्ष की ओर से कोई ठोस सबूत प्रस्तुत नहीं किया जा सका. ग्रामीणों ने कहा कि केवल सड़क से आने-जाने के आधार पर किसी व्यक्ति को चोरी का आरोपी नहीं बनाया जा सकता. मामले को लेकर मुखिया सत्यवती देवी ने थाना प्रभारी से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी.
पांच टेंपो से थाना पहुंचे ग्रामीण
शुक्रवार को ग्रामीणों का दल करीब पांच टेंपो में सवार होकर गुमला थाना पहुंचा. ग्रामीणों ने पुलिस को गुरुवार को हुई बैठक की जानकारी दी. साथ ही खस्सी चोरी मामले में दर्ज प्राथमिकी में नामजद दोनों युवकों के नाम हटाने की मांग की. ग्रामीणों ने कहा कि मामले की जांच तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर होनी चाहिए, ताकि निर्दोष लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए