Gumla: अस्पताल भवन में मरीजों का इलाज नहीं होता,अब कमरों में रह रहे लोग और रखे जा रहे पशु

विज्ञापन

बेकार पड़ा अस्पताल भवन | Prabhat Khabar Network

पालकोट के बघिमा गांव में एक करोड़ की लागत से बना अस्पताल भवन आज खंडहर बन चुका है. यहां मरीजों के इलाज के बजाय लोग रह रहे हैं और अवैध काम हो रहे हैं.

विज्ञापन

पालकोट. पालकोट प्रखंड के बघिमा टुकूटोली गांव में एक करोड़ रुपये का आरोग्य मंदिर बना है. यह अस्पताल किसके लिए है, यह अभी तक तय नहीं हो सका है. यही वजह है कि यहां मरीजों का इलाज नहीं हो रहा है. बेकार पड़े इस अस्पताल भवन में गांव के कुछ बेघर लोगों ने अपना आशियाना बना लिया है. टूटे हुए शीशों और धूल से भरे कमरों में बच्चों के खेलने का शोर सुनाई देता है, तो वहीं कुछ कमरों में पालतू जानवरों के रहने की वजह से अजीब सी बदबू आती है. कमरे में कोई अपने परिवार के साथ रह रहा है, तो किसी ने कमरे में अपने पालतू पशुओं को रखा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

10 साल से स्वास्थ्य सुविधा का इंतजार, क्या अब भी उम्मीद है?

बताते चलें कि क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के उद्देश्य से 10 साल पहले आरोग्य मंदिर का निर्माण किया गया है. लेकिन आरोग्य मंदिर निर्माण के बाद उसका संचालन नहीं किया गया. उपयोग और देखरेख के अभाव में भवन अब खंडहर बनता जा रहा है.

अस्पताल के कमरों पर स्थानीय लोगों का कब्ज़ा

वर्तमान में भवन के कई कमरों में स्थानीय लोगों का कब्ज़ा है. नाम नहीं छापने की शर्त पर गांव के लोगों ने बताया कि आरोग्य मंदिर में बने कमरों में दूसरे गांव के लोगों का कब्ज़ा है. वे अपने परिवार के साथ रहते हैं अथवा अपने पालतू पशुओं को रखते हैं. एक ग्रामीण ने बताया, "हमें लगा था कि अब गांव के पास ही इलाज हो जाएगा, बच्चों को शहर नहीं ले जाना पड़ेगा. पर ये तो खुद ही अब रहने लायक नहीं बचा."

अस्पताल के कमरे में रखी जा रही महुआ शराब

सिर्फ रहने के लिए ही नहीं, बल्कि कुछ गलत कामों के लिए भी इन कमरों का इस्तेमाल हो रहा है. ग्रामीणों ने यह भी बताया कि महुआ शराब बनाने वाले लोग शराब बनाने के लिए गारा तैयार करने के बाद उसे बाजार में बिक्री के लिए अस्पताल के कमरे में रखते हैं.

स्वास्थ्य सुविधा की उम्मीद थी, अब भवन ही हो रहा बेकार

ग्रामीणों ने बताया कि अस्पताल बनने से उम्मीद थी कि स्वास्थ्य सेवा गांव में ही मिलेगी. "जब ये अस्पताल बनना शुरू हुआ था, तो हमने सोचा था कि अब बूढ़े-बुजुर्गों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा," एक और ग्रामीण ने बताया. "पर 10 साल बीत गए, स्वास्थ्य सेवा तो मिली ही नहीं, ऊपर से ये करोड़ों का भवन भी अब बेकार हो रहा है. लगता है जैसे सरकार ने बस हमें सपना दिखाया था."

ये भी पढ़ें: सुदीव्य दा का जाना सुनहरे अध्याय के अंत जैसा : भूषण तिर्की

जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन

ग्रामीणों के बताये अनुसार अस्पताल के कमरों में महुआ शराब बनाकर रखे जाने की बात पर जब थाना प्रभारी अंकित राज से जानकारी ली गयी तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी. उन्होंने कहा, 'यह जानकारी मिलने के बाद हम तुरंत जांच करेंगे और दोषियों पर कार्रवाई होगी.'

ये भी पढ़ें: मिट्टी की सेहत बचाने की नई तैयारी, 15 दिन तक किसानों को सिखाए जाएंगे ये खास तरीके

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola