गुमला में बेखौफ चोर, दो घरों से लाखों रुपये की चोरी
Published by : Sweta Vaidya Updated At : 04 Jun 2026 9:39 AM
चोरी करते हुए सांकेतिक तस्वीर (AI Image)
Gumla News: गुमला शहर में चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। चेटर मुहल्ला और वीर कुंवर सिंह कॉलोनी स्थित दो बंद घरों में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. पुलिस दोनों मामले की जांच कर रही है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट
Gumla News: गुमला शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. ताजा मामले में चेटर मुहल्ला और डीएसपी रोड स्थित वीर कुंवर सिंह कॉलोनी में चोरों ने दो बंद घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी, जेवरात और घरेलू सामान की चोरी कर ली.
चेटर मुहल्ला में घर का ताला तोड़कर 1.90 लाख की चोरी
गुमला शहर के चेटर मुहल्ला निवासी रमेश साहू के घर में हुई चोरी की घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. मामले में कुछ संदिग्धों को खड़ियापाड़ा इलाके से हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से चोरी की वारदात से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं. जानकारी के अनुसार रमेश साहू ने थाना में दिये आवेदन में बताया है कि दो जून को उनका घर बंद था और परिवार के सदस्य बाहर गए हुए थे. इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और चोरी की घटना को अंजाम दिया. पीड़ित के अनुसार शाम करीब 7.30 बजे जब परिवार के लोग घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला. घर के अंदर प्रवेश करने पर अलमारी और अन्य सामान अस्त-व्यस्त पड़े थे. जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे करीब 25 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान गायब हैं. रमेश साहू ने अपने आवेदन में चोरी गए सामानों की कीमत एक लाख 90 हजार रुपये बताई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. सूत्रों के अनुसार पुलिस ने प्रारंभिक जांच और स्थानीय स्तर पर जुटाए गए सुरागों के आधार पर खड़ियापाड़ा इलाके से कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है. उनसे घटना के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है.
बंद पड़े मकान से ढाई लाख की चोरी
दूसरी घटना गुमला शहर के डीएसपी रोड स्थित वीर कुंवर सिंह कॉलोनी की है. वीर कुंवर सिंह कॉलोनी में बंद पड़े एक मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली. घटना को लेकर मकान मालिक संजय कुमार सिंह ने गुमला थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. थाना में दिए आवेदन के अनुसार संजय कुमार सिंह (61 वर्ष) पिछले एक माह से अपने परिवार के साथ रांची स्थित आवास में रह रहे थे. इस दौरान गुमला स्थित उनका मकान बंद था. संजय कुमार सिंह ने बताया कि दो जून की सुबह करीब 9.30 बजे जब वह अपने गुमला स्थित घर पहुंचे तो देखा कि घर के मुख्य दरवाजे सहित अंदर के कई कमरों के ताले टूटे हुए हैं. घर के अंदर प्रवेश करने पर सभी सामान बिखरे पड़े मिले. इससे उन्हें चोरी होने की आशंका हुई. पीड़ित ने बताया कि जांच करने पर घर से 32 इंच का टीवी, सिलाई मशीन, टूल पंप, इन्वर्टर और बैटरी सहित कई अन्य सामान गायब मिले. इसके अलावा चोर घर के दरवाजों और खिड़कियों में लगे पीतल के हैंडल, छिटकनी, बिजली के स्विच, वायरिंग और कुछ बर्तन भी अपने साथ ले गए. चोरों ने चोरी के दौरान घर के दरवाजों, खिड़कियों और अन्य सामानों को भी काफी नुकसान पहुंचाया है. अज्ञात चोरों ने रात के समय घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरी गए सामानों की कीमत लगभग ढाई लाख रुपये है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
ये भी पढ़ें…
JTET में भोजपुरी-मगही पर रार: मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने खोला मोर्चा, दिया ये तर्क
रांची के बहुबाजार-सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाई ओवर का काम सिर्फ 37%, 14 जून को खत्म हो रही डेडलाइन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sweta Vaidya
श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर कार्यरत हैं. कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. पिछले करीब दो महीनों से वे झारखंड बीट पर सक्रिय रूप से काम कर रही हैं. इस दौरान वे राज्य से जुड़ी ताजा खबरों, लोगों से जुड़े मुद्दे और जरूरी जानकारियों पर आधारित स्टोरीज तैयार कर रही हैं. इससे पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर रोचक और उपयोगी आर्टिकल लिखे. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










