माही ज्वेलर्स में डकैती डालने वाले बाहरी नहीं, स्थानीय ही निकले, गुमला पुलिस की गिरफ्त में 4 आरोपी

रेड मारने पहुंची गुमला पुलिस
गुमला के पालकोट में माही ज्वेलर्स में हुई लूट के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी की है. चार स्थानीय संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश होगा.
गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट
गुमला : गुमला जिले के पालकोट में मंगलवार की शाम माही ज्वेलर्स में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. पुलिस अधीक्षक (SP) के सख्त निर्देश पर गठित स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम (SIT) ने देर रात तक पालकोट, टैसेरा और गुमला शहर सहित अपराधियों के कई संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की. इस अभियान के दौरान पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे गुप्त स्थान पर बेहद गहन पूछताछ की जा रही है.
स्थानीय अपराधियों का हाथ होने का शक
पुलिस सूत्रों से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस डकैती को अंजाम देने वाले अपराधी कोई बाहरी गिरोह नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के ही स्थानीय शातिर बदमाश हैं. इसी इनपुट के आधार पर पुलिस स्थानीय अपराधियों के नेटवर्क और हाल के दिनों में जेल से छूटे संदिग्धों की गतिविधियों को खंगाल रही है. हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस को इस कांड से जुड़े कई अहम सुराग हाथ लगने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: अब सरकारी अस्पतालों में नहीं होगी एंटी-रैबीज इंजेक्शन की कमी, NHM ने जारी किया सख्त निर्देश
बरामद स्कूटी और खोखे से खुलेंगे राज
जांच को वैज्ञानिक और तकनीकी दिशा देने के लिए पुलिस की टीम घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक साक्ष्यों, अपराधियों द्वारा छोड़ी गई स्कूटी, फायरिंग के बाद जमीन पर गिरे कारतूस के खोखे तथा मोबाइल लोकेशन जैसे तकनीकी तथ्यों का विश्लेषण कर रही है. सूत्रों के मुताबिक, टैसेरा और गुमला शहर से उठाए गए इन संदिग्धों को पीड़ित ज्वेलरी संचालक के सामने लाकर शिनाख्त परेड कराने की कोशिश की जा रही है. हालांकि, पुलिस के आला अधिकारियों ने जांच प्रभावित होने का हवाला देते हुए फिलहाल किसी की औपचारिक गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है.
पालकोट थाना परिसर में बड़े अफसरों की हाई-लेवल मीटिंग
इधर, पालकोट बस पड़ाव के समीप स्थित माही ज्वेलर्स के संचालक मनीष सोनी से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूटने के मामले की जांच को लेकर बुधवार को पालकोट थाना परिसर में एक हाई-लेवल रिव्यू मीटिंग हुई. बसिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) शिव शंकर मरांडी, बसिया सर्किल पुलिस निरीक्षक गुलशन भेंगरा और पालकोट थाना प्रभारी अंकित राज सहित कई थानों के प्रभारियों ने केस की प्रगति की समीक्षा की. थाना प्रभारी और सब-इंस्पेक्टर रामचंद्र यादव ने दोबारा घटनास्थल का मुआयना कर स्थानीय दुकानदारों से इनपुट जुटाए, जिसके बाद अफसरों ने दावा किया कि जल्द ही पूरे गिरोह को बेनकाब कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.
ये भी पढ़ें: मंईयां सम्मान योजना : रांची की 3.66 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे 275 करोड़ रुपये
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By समीर उरांव
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










