आंगनबाड़ी सेविकाओं को दिया गया खास प्रशिक्षण, अब अनाथ बच्चों की जुटायेंगी पूरी जानकारी
गुमला के पालकोट में आंगनबाड़ी सेविकाओं को अनाथ बच्चों के सर्वे के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके.
पालकोट. बाल विकास परियोजना के तत्वावधान में प्रखंड मुख्यालय सभागार पालकोट में शनिवार को आंगनबाड़ी सेविकाओं के लिए एक दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस प्रशिक्षण में प्रखंड भर से कुल 71 आंगनबाड़ी सेविकाओं ने हिस्सा लिया.
इस दौरान परियोजना के प्रशिक्षक बिनोद कुमार ने सेविकाओं को अनाथ बच्चों का सर्वे करने के तौर-तरीकों की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सर्वे के दायरे में ऐसे अनाथ बच्चों को रखना है, जिनके माता-पिता का निधन हो चुका है तथा उनके अभिभावक देखभाल करने में सक्षम नहीं हैं या तैयार नहीं हैं.
इसके अलावा, यदि कोई कानूनी अभिभावक (जिसे अदालत या कानून द्वारा नियुक्त किया गया हो) बच्चे की देखरेख कर रहा है, तो ऐसे बच्चों का भी सर्वे किया जाना है. सेविकाओं को निर्देश दिया गया कि वे परिवार, रिश्तेदारों, गोद लेने वाले माता-पिता और कानूनी अभिभावकों से संपर्क कर अनाथ बच्चों की सटीक जानकारी इकट्ठा करें और उसकी रिपोर्ट बाल विकास परियोजना कार्यालय में जमा करें.
सर्वे के उपरांत चिह्नित सभी अनाथ बच्चों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभांवित किया जायेगा. इस कार्यक्रम के दौरान बीडीओ सह प्रभारी सीडीपीओ विजय उरांव, एलएस तारामुनी देवी सहित काफी संख्या में आंगनबाड़ी सेविकाएं मौजूद थीं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए