भाई लोग! 16 अगस्त से पहले करा लें एलपीजी ई-केवाइसी, वर्ना कॉमर्शियल रेट पर मिलेगी घरेलू गैस
एलपीजी सिलेंडर के साथ डिलीवरी मैन.
16 अगस्त 2026 एलपीजी ई-केवाईसी की अंतिम तिथि है. यदि आपने यह नहीं कराया, तो घरेलू गैस सिलेंडर कॉमर्शियल दरों पर खरीदना पड़ सकता है और सब्सिडी का लाभ भी नहीं मिलेगा. इस महत्वपूर्ण अपडेट के बारे में जानें.
LPG e-KYC: घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है. यदि आपने अभी तक अपने गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी नहीं कराई है, तो इसे 16 अगस्त 2026 से पहले हर हाल में पूरा कर लें. निर्धारित समय सीमा के बाद ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को घरेलू एलपीजी सिलेंडर भी कॉमर्शियल दरों पर खरीदना पड़ सकता है. साथ ही उन्हें घरेलू दरों और सब्सिडी से मिलने वाले लाभ पर भी असर पड़ सकता है.
ई-केवाईसी कराना बेहद जरूरी
मां शेरावाली इंडेन गैस एजेंसी के संचालक विशेष आनंद ने बताया कि तेल कंपनियों ने घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के सत्यापन के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दिया है. इसका उद्देश्य वास्तविक उपभोक्ताओं की पहचान सुनिश्चित करना और घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग रोकना है.
16 अगस्त तक ई-केवाईसी का अंतिम मौका
विशेष आनंद ने बताया कि पहले ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि एक जुलाई 2026 निर्धारित की गई थी. हालांकि बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के सत्यापन से वंचित रहने के कारण तेल कंपनियों ने समय सीमा बढ़ाकर 16 अगस्त 2026 कर दी. उन्होंने कहा कि कंपनियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यह उपभोक्ताओं को दिया गया अंतिम अवसर है. यदि इस अवधि में ई-केवाईसी पूरी नहीं होती है, तो संबंधित उपभोक्ता घरेलू दर पर एलपीजी सिलेंडर लेने के पात्र नहीं रह सकते. ऐसे में उन्हें कॉमर्शियल दर पर गैस सिलेंडर खरीदना पड़ सकता है.
लगातार भेजे जा रहे हैं एसएमएस
इंडेन समेत सभी प्रमुख तेल विपणन कंपनियां उन उपभोक्ताओं को लगातार एसएमएस भेज रही हैं, जिनकी ई-केवाईसी अब भी लंबित है. इन संदेशों के माध्यम से उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की जा रही है. विशेष आनंद ने बताया कि उनकी एजेंसी से जुड़े लगभग 22 हजार सक्रिय उपभोक्ताओं में से करीब 40 प्रतिशत लोगों ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है. उन्होंने ऐसे सभी उपभोक्ताओं से अपील की कि अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
घर बैठे भी कर सकते हैं ई-केवाईसी
ई-केवाईसी की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए तेल कंपनियों ने ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई है. उपभोक्ता अपने स्मार्टफोन में इंडियन ऑयल वन ऐप डाउनलोड कर घर बैठे कुछ ही मिनटों में ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं. ऐप के माध्यम से आधार आधारित सत्यापन और सेल्फी अपलोड कर प्रक्रिया पूरी की जा सकती है. इससे गैस एजेंसी जाने की जरूरत नहीं पड़ती और समय की भी बचत होती है. इसके अलावा जिन उपभोक्ताओं को ऑनलाइन प्रक्रिया में कठिनाई होती है, वे अपनी संबंधित गैस एजेंसी के कार्यालय जाकर भी ई-केवाईसी करा सकते हैं. वहां एजेंसी के कर्मचारी दस्तावेजों का सत्यापन कर प्रक्रिया पूरी कराते हैं.
ई-केवाईसी के लिए ये दस्तावेज जरूरी
ई-केवाईसी कराने के लिए उपभोक्ता के पास आधार कार्ड, गैस उपभोक्ता कार्ड (कंज्यूमर नंबर) और गैस कनेक्शन से जुड़ा रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर होना जरूरी है. यदि उपभोक्ता एजेंसी जाकर ई-केवाईसी करा रहे हैं, तो उन्हें स्वयं उपस्थित होना होगा, क्योंकि पहचान का सत्यापन मौके पर किया जाएगा. वहीं मोबाइल ऐप के जरिए प्रक्रिया पूरी करने वाले उपभोक्ताओं को सेल्फी अपलोड कर डिजिटल सत्यापन करना होगा.
इसे भी पढ़ें: रजरप्पा मंदिर सौंदर्यीकरण पर हाईकोर्ट का निर्देश, 254 दुकानदारों को तत्काल दुकान आवंटित करने को कहा
समय रहते पूरी करें प्रक्रिया
तेल कंपनियों का कहना है कि ई-केवाईसी का उद्देश्य घरेलू एलपीजी वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाना है. इससे फर्जी कनेक्शन और घरेलू गैस के व्यावसायिक दुरुपयोग पर रोक लगाने में मदद मिलेगी. गैस एजेंसियों ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 16 अगस्त 2026 की अंतिम तिथि से पहले अपनी ई-केवाईसी अवश्य पूरी करा लें. समय पर प्रक्रिया पूरी करने से घरेलू एलपीजी सिलेंडर की नियमित आपूर्ति और निर्धारित दरों पर मिलने वाले लाभ निर्बाध रूप से जारी रहेंगे, जबकि देरी करने पर उपभोक्ताओं को अतिरिक्त आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ सकता है.
इसे भी पढ़ें: बिना एफआईआर ट्रक जब्त करने पर हाईकोर्ट सख्त, तत्काल छोड़ने और 50 हजार रुपये मुआवजा देने का आदेश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दुर्जय पासवान
दुर्जय पासवान ने वर्ष 2001 से पत्रकारिता की शुरुआत की. दैनिक जागरण में दो साल काम करने के बाद 2003 में वे प्रभात खबर से जुड़े. इसके साथ ही नयी दुनिया अखबार, प्रहार मैगजीन में भी अपनी सेवा दी. इसके बाद 2010 में वे दैनिक भास्कर गुमला का ब्यूरो इंचार्ज के रूप में काम शुरू किये. भास्कर में पांच साल सेवा देने के बाद दोबारा 2014 में प्रभात खबर में ब्यूरो इंचार्ज के रूप में वापसी की. तब से अबतक प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने नक्सलियों से जुड़ी खबरें, नक्सली घटनाएं, ग्राउंड रिपोर्ट, प्राचीन और ऐतिहासिक धरोहरों की खोज से संबंधित खबरों पर अच्छा काम किया. इन्हीं खबरों ने उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में पहचान दी. दुर्जय पासवान बहुत लगन से अपना सभी काम का पूरा करते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए





