भारतमाला परियोजना को लेकर हंगामा, फसल क्षति पर विरोध तेज

Updated:
विज्ञापन

लट्ठा बरटोली गांव में निर्माण कार्य रुका, कंपनी व ग्रामीणों के बीच झड़प

विज्ञापन

गुमला. गुमला जिले के लट्ठा बरटोली गांव में गुरुवार को भारतमाला सड़क निर्माण परियोजना को लेकर हंगामा हो गया. फसल क्षति से नाराज रैयत ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रुकवा दिया, जिसके बाद निर्माण कंपनी के कर्मियों, कुछ ग्रामीणों और प्रभावित रैयतों के बीच तीखी झड़प हो गयी. स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गयी जब मौके पर पहुंची पुलिस, एनएचएआइ और भू-अर्जन विभाग के अधिकारियों को भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा. ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी जमीन परियोजना के लिए अधिग्रहित की जा रही है और शिवालया कंपनी ने बिना उचित प्रक्रिया के खेतों में जेसीबी व भारी मशीनें उतार दीं, जिससे तैयार धान की फसल बर्बाद हो गयी. विरोध करने पर कंपनी कर्मियों और उनके समर्थकों पर मारपीट का आरोप भी लगाया गया. पीड़ित पूजा उरांव ने आरोप लगाया कि विरोध के दौरान महिलाओं और बच्चों के साथ भी धक्का-मुक्की की गयी, जबकि पुलिस मौके पर मौजूद रहने के बावजूद कोई हस्तक्षेप नहीं कर पायी. ग्रामीणों ने प्रशासन और कंपनी पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है. प्रभावितों में लगनू उरांव, बिरसा उरांव, दशई उरांव, चलू टाना भगत, सामा उरांव, कार्तिक उरांव, पाना उरांव, लक्ष्मी उरांव, बुधना उरांव और कानू मुंडा समेत कई लोग शामिल हैं. ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि मुआवजा प्राप्त कर चुके कुछ लोगों को उनके खिलाफ खड़ा कर दिया गया, जिससे विवाद और बढ़ गया. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जायेगा. वहीं भारतमाला जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना अब मुआवजा विवाद, फसल नुकसान और ग्रामीण आक्रोश के कारण नये विवादों में घिरती नजर आ रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola