ह्यूम पाइप लदे ट्रैक्टर से टकराई बाइक, 28 वर्षीय युवक की मौत; पीछे बैठा साथी फरार
परिजन बिलाप करते | Prabhat Khabar Network
गोड्डा-भागलपुर मुख्य मार्ग पर ह्यूम पाइप लदे ट्रैक्टर से बाइक टकराने से 28 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद बाइक पर पीछे बैठा युवक मौके से फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
गोड्डा : गोड्डा-भागलपुर मुख्य मार्ग पर मोतिया ओपी क्षेत्र के डुमरिया गांव के समीप सड़क दुर्घटना में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ह्यूम पाइप लदे ट्रैक्टर से टकरा गयी. हादसे में बाइक चला रहे युवक को गंभीर चोट लगी, जबकि पीछे बैठा बाइक मालिक मौके से फरार हो गया.
मृतक की पहचान बसंतराय थाना क्षेत्र के खट्टी वरन गांव निवासी अशोक यादव (28), पिता कुलदीप यादव के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार अशोक अपनी बहन के घर अमलो गया था. वहां से लौटने के दौरान वह एक परिचित की बाइक चलाकर गोड्डा की ओर आ रहा था. इसी दौरान डुमरिया के पास सड़क किनारे खड़े ह्यूम पाइप लदे ट्रैक्टर से बाइक अनियंत्रित होकर जोरदार तरीके से टकरा गयी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि अशोक के सिर में गंभीर चोट आयी. दुर्घटना की सूचना मिलते ही मोतिया ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा. हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गयी.
बाइक और ट्रैक्टर जब्त, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद बाइक पर पीछे बैठा उसका परिचित डर के कारण मौके से फरार हो गया. मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी मुकेश राउत ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ह्यूम पाइप लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है.
युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और परिजनों का बयान दर्ज किया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
पत्नी और दो मासूम बेटों को छोड़ गया अशोक
अशोक यादव अपने पीछे पत्नी रीना देवी और दो मासूम बेटों बादल व पीयूष को छोड़ गया है. अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, घटना के बाद खट्टी वरन गांव में शोक की लहर है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए