महागामा के विश्वासखानी में खतरे में जिंदगी, जर्जर बिजली के तारों से परेशान ग्रामीण
सालों से जर्जर पड़े तार.
विश्वासखानी में सालों से नहीं बदले बिजली के जर्जर तार. घरों और रास्तों पर झूलते तार से ग्रामीणों में हादसे का डर, जानिए पूरी खबर.
फीरोज अंसारी, हनवारा. महागामा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत विश्वासखानी गांव में जर्जर बिजली तार ग्रामीणों के लिए हादसे का सबब बने हुए हैं. गांव में कई जगह बिजली के पुराने तार काफी नीचे तक झूल रहे हैं. घरों और प्रमुख रास्तों के समीप से गुजर रहे इन तारों को लेकर ग्रामीणों में हमेशा अनहोनी की आशंका बनी रहती है. बारिश और तेज हवा के दौरान स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है.
आपके शहर में
बिजली आपूर्ति शुरू होने के बाद से नहीं बदले तार
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में बिजली आपूर्ति शुरू होने के बाद से अब तक कई स्थानों पर बिजली के तार नहीं बदले गये हैं. वर्षों तक खुले में रहने और धूप, बारिश व तेज हवा की मार झेलने के कारण तार जर्जर हो चुके हैं. कई जगह तार इतने नीचे झूल रहे हैं कि लोगों को रास्ते से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है.
ग्रामीणों का कहना है कि तारों की स्थिति देखकर हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है. खासकर आबादी वाले इलाकों में नीचे झूल रहे तार बच्चों और बुजुर्गों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं.
बारिश में बढ़ जाती है परेशानी, चिंगारी निकलने से सहमे रहते हैं लोग
बरसात के दिनों में जर्जर तारों की वजह से परेशानी और बढ़ जाती है. तेज हवा और बारिश के दौरान तारों से चिंगारी निकलने के साथ बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत भी सामने आती है. करंट फैलने की आशंका से ग्रामीण भयभीत रहते हैं. बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर भी लोगों में चिंता बनी हुई है.
यह भी पढ़ें:
पोड़ैयाहाट में बारिश बनी आफत,भरभराकर गिरा गरीब का आशियाना
कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीणों ने बताया कि जर्जर बिजली तारों की समस्या को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों को जानकारी दी गयी है. इसके बावजूद अब तक समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस पहल नहीं की गयी है. ग्रामीणों का कहना है कि किसी बड़े हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय विभाग को पहले ही जर्जर तारों को बदल देना चाहिए.
अविलंब तार बदलने की मांग
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से गांव का निरीक्षण कर जर्जर तारों को अविलंब बदलने, नीचे झूल रहे तारों को दुरुस्त करने और समय-समय पर बिजली व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है. ग्रामीणों ने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से इस मामले में तत्काल कार्रवाई जरूरी है, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए