अमौर पावर एलेवन स्टार क्लब ने घोरीकित्ता को 27 रनों से हराया

अमौर में पंचायत स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक फाइनल
मेहरमा प्रखंड क्षेत्र के अमौर क्रीड़ा स्थल में रविवार को पंचायत स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच खेला गया. फाइनल मुकाबले में पावर एलेवन स्टार क्रिकेट क्लब अमौर और क्रिकेट क्लब घोरीकित्ता के बीच टक्कर हुई. खेल से पूर्व टॉस की प्रक्रिया मुखिया मधुमाला सिन्हा के द्वारा संपन्न हुई. अमौर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित 16 ओवर में 8 विकेट खोकर 211 रन बनाये. घोरीकित्ता की टीम को जीत के लिए 212 रन का लक्ष्य मिला. विरोधी टीम ने निर्धारित ओवर में आठ विकेट खोकर 184 रन ही बना सकी. निर्णायक द्वारा अमौर की टीम को 27 रन से विजयी घोषित किया गया. रोमांचक मुकाबले में दर्शक खिलाड़ियों द्वारा मारे गए छक्के-चौकों पर तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाते रहे. जीतने वाली अमौर टीम को बड़ा कप और 2,100 रुपये नकद, जबकि हारने वाली घोरीकित्ता टीम को छोटा कप और 1,100 रुपये नकद प्रदान किया गया. वहीं मैन ऑफ द मैच रोहित कुमार (घोरीकित्ता) को ट्रॉफी और 1,000 रुपये और मैन ऑफ द सीरीज अमृत कुमार (अमौर) ट्रॉफी और 1,000 रुपये प्रदान किया गया. मुख्य अतिथि केंद्रीय विद्यालय की शिक्षक शिवानी रंजन, मुखिया मधुमाला सिन्हा, समाजसेवी निरंजन सिन्हा और पंकज कुमार राणा द्वारा पुरस्कार प्रदान किये गये. शिवानी रंजन ने कहा कि अब से हर वर्ष विजेता टीम को 11,000 रुपये और हारने वाली टीम को 5100 रुपये प्रदान किये जाएंगे. समाजसेवी श्री सिन्हा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों टीमों ने उत्कृष्ट खेल और अनुशासन का प्रदर्शन किया. मैच के दौरान निर्णायक की भूमिका में चंदन कुमार और मुकुंद कुमार रहे, जबकि स्कोरर में कर्नल कुमार और मानव कुमार रहे. इसके साथ ही कॉमेंट्री करके अमित कुमार ने दर्शकों का मनोरंजन किया. सिन्हा इंटरनेशनल स्कूल की ओर से इस टूर्नामेंट में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को जर्सी और 21 किग्रा का खस्सी भी प्रदान किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




