गोड्डा में पिकअप रेसिंग बनी काल, पलटने से किशोर की मौत; युवक गंभीर
अस्पताल में मौजूद परिजन.
पिकअप वाहन रेसिंग बनी जानलेवा. गोड्डा में 'डहरे करम बेहड़ा' से लौट रहे दो युवक हादसे का शिकार हुए. एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर.
प्रतिनिधि, गोड्डा: गोड्डा में आयोजित ‘डहरे करम बेहड़ा’ कार्यक्रम से जश्न मनाकर घर लौट रहे लोगों के लिए पिकअप वाहन की रेसिंग जानलेवा साबित हुई. पथरगामा थाना क्षेत्र के केरवार गांव निवासी शिवम कुमार साह की पिकअप वाहन पलटने से मौत हो गयी, जबकि विवेक कुमार महतो उर्फ मंगरू गंभीर रूप से घायल हो गये. घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर किया गया है.
रेसिंग के दौरान अनियंत्रित होकर पलटा पिकअप
जानकारी के अनुसार केरवार गांव निवासी शिवम कुमार साह, कनिष्ठ पुत्र स्व. आनंद कुमार साह, और विवेक कुमार महतो उर्फ मंगरू अन्य लोगों के साथ गोड्डा में आयोजित डहरे करम बेहड़ा कार्यक्रम में शामिल होने गये थे. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी एक पिकअप वाहन से गांव लौट रहे थे.
इसी दौरान परसपानी के पास डहरलंगी मोड़ के एक मैदान में वाहन चालकों के बीच रेस होने लगी. इसी दौरान तेज गति में पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में शिवम कुमार साह और विवेक कुमार महतो वाहन के नीचे दब गये.
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को वाहन के नीचे से बाहर निकाला. हालांकि, तब तक शिवम की मौत हो चुकी थी. गंभीर रूप से घायल विवेक को दूसरे वाहन से सदर अस्पताल गोड्डा पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बतायी जा रही है.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही पथरगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोड्डा भेज दिया. पुलिस घटना की जांच में जुटी है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार शिवम कुमार साह के पिता का पहले ही निधन हो चुका है. परिवार में तीन भाई हैं. सबसे बड़ा भाई गुजरात में मजदूरी करता है, जबकि दूसरा भाई दिव्यांग है. हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और केरवार गांव में शोक की लहर है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए