सदर अस्पताल में जरूरी दवाओं का टोटा, मरीजों को बाहर से खरीदनी पड़ रही दवा
इलाज कराने आये मरीज व उनके परिजन | Prabhat Khabar Network
गोड्डा सदर अस्पताल में दवाओं की कमी से मरीज जूझ रहे हैं. ओपीडी में जरूरी दवाएं नहीं मिलने से मरीजों को बाहर से दवा खरीदने पर मजबूर होना पड़ रहा है.
आपके शहर में
गोड्डा : सरकार स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन इसका पूरा लाभ अंतिम पायदान के लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है. सदर अस्पताल गोड्डा में इलाज कराने आने वाले सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को उपचार के दौरान कई जरूरी दवाएं बाहर से खरीदनी पड़ रही हैं. इससे मरीजों और उनके परिजनों को सरकारी अस्पताल में इलाज कराने का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है. सदर अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार ओपीडी में उपलब्ध दवाओं की सूची में 48 से अधिक प्रकार की दवाएं शामिल हैं. वहीं, विभागीय सूत्रों के अनुसार वर्तमान में अस्पताल में करीब 30 से 35 प्रकार की दवाएं ही उपलब्ध हैं. कई महत्वपूर्ण दवाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण ऑन ड्यूटी चिकित्सकों को मरीजों के लिए बाहर से दवा खरीदने की सलाह देनी पड़ती है.
रोज पहुंच रहे 600 मरीज, अल्ट्रासाउंड की सुविधा भी नहीं
जानकारी के अनुसार सदर अस्पताल में प्रतिदिन करीब 600 मरीजों का इलाज किया जाता है. गोड्डा के अलावा बिहार के बांका जिले से भी मरीज इलाज कराने पहुंचते हैं. अस्पताल में एक्स-रे मशीन और विभिन्न जांच किट एवं मशीनें उपलब्ध हैं, लेकिन अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं होने के कारण मरीजों को निजी जांच केंद्रों में पैसे खर्च कर जांच करानी पड़ती है. विभागीय जानकारी के अनुसार सदर अस्पताल में खराब पड़े उपकरणों को दुरुस्त कराने के लिए सिविल सर्जन और अस्पताल उपाधीक्षक की ओर से वरीय अधिकारियों से पत्राचार किया गया है. स्वीकृति मिलने के बाद खराब उपकरणों की मरम्मत करायी जायेगी.
क्या कहते हैं सीएस
सिविल सर्जन सुभाष चंद्र शर्मा ने कहा कि सदर अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है. अस्पताल में जो भी खामियां हैं, उन्हें जल्द दूर कर लिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए