जहां बेटे की हुई थी मौत, वहीं बाइक की टक्कर से पिता ने भी गंवाई जान

Updated:
विज्ञापन

दुर्घटना के बाद परिजनों की भीड़ | Prabhat Khabar Network

गोड्डा के महगामा में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मौलाना ऐनुल की मौत. नशे में धुत चालक को ग्रामीणों ने पकड़ा, पुलिस मामले की जांच में जुटी.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, गोड्डा. जिले के महगामा थाना क्षेत्र अंतर्गत शीतल-दिग्घी मार्ग पर रविवार देर रात स्कूल के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में 55 वर्षीय मौलाना ऐनुल की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतक दिग्घी गांव के रहने वाले थे. हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी.

आपके शहर में

विज्ञापन

नए घर को देखने जा रहे थे, तभी बाइक ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, मौलाना ऐनुल अपने पुराने घर से साइकिल लेकर सड़क किनारे स्थित अपने नए घर को देखने जा रहे थे. इसी दौरान हनवारा निवासी राकेश पासवान तेज रफ्तार बाइक से वहां पहुंचा और उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौलाना ऐनुल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गयी.

ग्रामीणों ने बाइक चालक को पकड़कर पुलिस को दी सूचना

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी. आसपास मौजूद ग्रामीणों ने बाइक चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और महगामा पुलिस को घटना की सूचना दी.

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाइक चालक घटना के समय नशे की हालत में था. हालांकि, पुलिस के अनुसार मेडिकल जांच के बाद ही चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी.

एक ही जगह पिता-पुत्र की मौत से परिवार में मातम

घटना की सूचना मिलते ही महगामा थाना प्रभारी अभिनव आनंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोड्डा भेज दिया. सोमवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

सदर अस्पताल पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि इसी स्थान पर पूर्व में मौलाना ऐनुल के पुत्र की भी सड़क हादसे में मौत हो चुकी है. एक ही स्थान पर परिवार के दो सदस्यों की जान जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना को लेकर ग्रामीणों में भी गहरा दुख और आक्रोश है.

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू

महगामा थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. पुलिस हादसे के कारणों के साथ बाइक चालक की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola