गोड्डा महिला होमगार्ड से फोन पर अमर्यादित टिप्पणी मामले में उठी जांच की मांग : जानें क्या है पूरा मामला.
पीड़ित महिला जवान की | Prabhat Khabar Network
झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने गोड्डा की महिला होमगार्ड के साथ कथित अभद्र टिप्पणी के मामले में पदाधिकारी पर कार्रवाई की मांग की है. महिला जवान ने फोन पर हुई बातचीत को आपत्तिजनक बताया है और ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की मांग की गई है.
गोड्डा : झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव राजीव कुमार तिवारी ने गोड्डा जिले की महिला होमगार्ड जवान के साथ कथित रूप से अभद्र टिप्पणी एवं आपत्तिजनक व्यवहार के मामले में संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. राजीव कुमार तिवारी के अनुसार, उक्त महिला जवान वर्तमान में रांची जिले में यातायात ड्यूटी के लिए प्रतिनियुक्त हैं. किसी मामले को लेकर उन्होंने गोड्डा जिले के कंपनी कमांडर नीरल केरकेट्टा से दूरभाष पर बातचीत की थी. महिला जवान का आरोप है कि बातचीत के दौरान कंपनी कमांडर ने उनके प्रति आपत्तिजनक भाषा किया था.
ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की मांग
महिला जवान ने इस मामले की जानकारी झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव राजीव कुमार तिवारी को दी है. उनके अनुसार, बातचीत से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव को उपलब्ध करायी गयी है. राजीव कुमार तिवारी ने कहा कि यदि ऑडियो रिकॉर्डिंग और लगाए गए आरोप जांच में सही पाये जाते हैं, तो महिला होमगार्ड जवान के साथ इस प्रकार की भाषा एवं व्यवहार करने वाले पदाधिकारी के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कड़ी विभागीय कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि होमगार्ड मुख्यालय की कार्यप्रणाली में दोहरी नीति दिखाई देती है. जवानों के खिलाफ शिकायत मिलने पर कई बार पर्याप्त जांच-पड़ताल के बिना तत्काल कार्रवाई कर दी जाती है, जबकि अधिकारियों के खिलाफ शिकायत होने पर जांच के नाम पर वर्षों तक मामले लंबित रहने और कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति किए जाने का आरोप लगता है.
नियम सभी के लिए समान हों
राजीव कुमार तिवारी ने कहा कि नियम सभी के लिए समान होने चाहिए. यदि किसी जवान से गलती होती है तो उसके खिलाफ जांच और कार्रवाई की जाती है, उसी प्रकार किसी अधिकारी पर गंभीर आरोप लगने पर भी निष्पक्ष और समयबद्ध जांच होनी चाहिए. उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने, ऑडियो रिकॉर्डिंग की सत्यता की जांच करने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है. उन्होंने कहा कि महिला होमगार्ड जवानों के सम्मान और गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लायी जानी चाहिए. मामले को लेकर संबंधित पदाधिकारी ने स्वीकार किया कि बातचीत के दौरान उनसे गलती से उक्त शब्द निकल गया था. हालांकि, मामले में लगाये गये आरोपों की निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए