शिक्षक दिवस पर वित्त रहित शिक्षकों का धरना, राज्यकर्मी का दर्जा और अनुदान में 75% बढ़ोतरी की मांग
धरना पर बैठे उच्च विद्यालय चतरो के शिक्षक
शिक्षक दिवस पर वित्त रहित शिक्षकों ने अनुदान में 75 प्रतिशत वृद्धि और राज्यकर्मी का दर्जा देने समेत कई मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया.
देवरी. शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को वित्त रहित अनुदानित इंटरमीडिएट कॉलेज, उच्च विद्यालय, संस्कृत विद्यालय और मदरसा विद्यालयों के शिक्षक व कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया. इसी क्रम में देवरी प्रखंड के जनार्दन सिंह उच्च विद्यालय चतरो के वित्त रहित शिक्षक और कर्मचारियों ने विद्यालय परिसर में धरना दिया. कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक अजय कुमार राय ने की.
आपके शहर में
धरना के माध्यम से शिक्षकों और कर्मचारियों ने सरकार से लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा करने की मांग की. शिक्षकों ने कहा कि वित्त रहित संस्थानों में कार्यरत शिक्षक और कर्मचारी कई समस्याओं का सामना कर रहे हैं. सरकार को उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए.
अनुदान में 75 प्रतिशत बढ़ोतरी और राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग
शिक्षकों ने वित्त रहित अनुदानित संस्थानों के अनुदान में 75 प्रतिशत बढ़ोतरी संबंधी संलेख को जल्द कैबिनेट की सहमति के लिए भेजने की मांग की. इसके साथ ही वित्त रहित शिक्षक-कर्मचारियों को राज्यकर्मी का दर्जा देने और सेवा शर्त नियमावली लागू करने की मांग भी उठायी गयी.
शिक्षकों ने कहा कि वित्त रहित संस्थानों में कार्यरत कर्मियों के हित में स्पष्ट सेवा शर्त नियमावली जरूरी है. इससे शिक्षकों और कर्मचारियों को अपने अधिकारों और सेवा से जुड़े मामलों में स्पष्टता मिलेगी.
छात्राओं और अनुदान को लेकर भी उठी मांग
धरना के दौरान वित्त रहित संस्थानों में पढ़ने वाली छात्राओं को सावित्रीबाई फूले बालिका समृद्धि योजना का लाभ देने के लिए ऑनलाइन पोर्टल खोलने की मांग की गयी. इसके अलावा झारखंड अधिविध परिषद (जैक) में रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग भी रखी गयी.
शिक्षकों ने बिहार सरकार से मान्यता प्राप्त स्थापना अनुमतिवाले 158 अनुदानित विद्यालयों का वर्ष 2026-27 से रोका जा रहा अनुदान जारी रखने की मांग की. शिक्षकों का कहना था कि इन मांगों पर सरकार को जल्द निर्णय लेना चाहिए, ताकि संस्थानों और वहां कार्यरत शिक्षक-कर्मचारियों को राहत मिल सके.
धरना में शिक्षक पंचदेव राय, संदीप राय, शैलेश मिश्रा, शैलेंद्र भोक्ता, गोविंद साहू, मौसम देव, लालजीत हाजरा और श्रीकांत सिंह समेत अन्य शिक्षक-कर्मचारी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए