'सीओ ने बोला तुम कौन...' SIR कार्यक्रम में मुखिया के साथ हंगामे का वीडियो वायरल; DC से कार्रवाई की मांग

Updated:
विज्ञापन

SIR कार्यक्रम में मौजूद सीओ व अन्य लोग

गावां के बिरने मुखिया ने सीओ अभिषेक कुमार पर अपमानजनक भाषा और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है.

विज्ञापन

गावां : बिरने पंचायत के मुखिया चंदन कुमार ने गावां के सीओ अभिषेक कुमार पर दुर्व्यवहार करने और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है. मुखिया के अनुसार, शनिवार को बिरने पंचायत सचिवालय में एसआईआर कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की शिकायत पर वह सीओ से बात करने पहुंचे थे. इसी दौरान विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई.

आपके शहर में

विज्ञापन
यह फोटो एआई से बनाई गयी है
यह फोटो एआई से बनाई गयी है

मुखिया चंदन कुमार ने आरोप लगाया कि कई ग्रामीण उनके पास पहुंचे और शिकायत की कि उनके फॉर्म जमा नहीं किए जा रहे हैं. ग्रामीणों की समस्या को लेकर जब वह सीओ से बात करने पहुंचे तो सीओ ने फॉर्म उठाकर फेंक दिया और उनसे कथित तौर पर तुम कौन कहने सहित अपमानजनक शब्दों में बात की.

नाश्ता बाहर रखने का भी लगाया आरोप

मुखिया ने कहा कि एसआईआर कार्यक्रम में पहुंचे पदाधिकारी और कर्मियों के लिए उन्होंने नाश्ते की व्यवस्था करायी थी. आरोप है कि सीओ ने नाश्ता बाहर रखवा दिया और कर्मियों से कहा कि मुखिया का नाश्ता कोई नहीं करेगा.

मुखिया ने कहा कि सीओ के इस व्यवहार से ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में आक्रोश है. उन्होंने उपायुक्त से मामले में संज्ञान लेने की मांग की है. साथ ही कहा कि 7 सितंबर को होने वाले एसआईआर कार्यक्रम में वह ग्रामीणों के साथ संबंधित स्थल पर धरना देंगे.

मुखिया ने सीओ पर तानाशाही और जातिवादी रवैया अपनाने का भी आरोप लगाया और कहा कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

एसआईआर कार्यक्रम के दौरान काफी देर तक हुआ हंगामा

कार्यक्रम के दौरान सीओ और मुखिया के बीच विवाद को लेकर काफी देर तक हंगामा होता रहा. इस दौरान हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में सीओ मुखिया को बार-बार तुम कहकर संबोधित करते हुए नजर आ रहे हैं.

ये भी पढ़ें: NEET UG में सफल हुए समीप राज, रिम्स रांची में मिला MBBS में दाखिला; गांव में खुशी

मामले पर मुखिया संघ ने भी आपत्ति जतायी है. मुखिया संघ के अध्यक्ष कन्हाय राम ने आरोप लगाया कि प्रभारी सीओ के आने के बाद से जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पूर्व में भी कई जनप्रतिनिधियों के साथ अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल की शिकायत सामने आ चुकी है.

कन्हाय राम ने कहा कि इस संबंध में कई बार वरीय अधिकारियों से शिकायत की गयी है. उन्होंने वरीय अधिकारियों से मामले में संज्ञान लेकर कार्रवाई की मांग की है. साथ ही चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर मुखिया संघ आंदोलन करेगा.

सीओ बोले- बहस के दौरान मुंह से निकला होगा 'तुम'

इधर, सीओ अभिषेक कुमार ने आरोपों पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि एसआईआर कार्यक्रम के दौरान काफी भीड़ थी. वह मुखिया को पहचानते नहीं थे. उनके अनुसार, मुखिया लगातार उनके साथ बहस कर रहे थे और वह लगातार काम में लगे हुए थे.

सीओ ने कहा कि लंबी बातचीत के दौरान अगर उनके मुंह से 'तुम' शब्द निकल गया होगा, तो उन्हें इसकी जानकारी नहीं है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola