नकली पिस्टल दिखाकर छिनतई करने वाले तीन गिरफ्तार, छीना गया सामान बरामद

Updated:
विज्ञापन

AI Image

मुफस्सिल थाना क्षेत्र में नकली पिस्टल दिखाकर हुई छिनतई की वारदात में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से लूटा गया सामान और नकली पिस्टल भी बरामद हुई है. पुलिस ने तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

विज्ञापन

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झगरी में नकली पिस्टल का भय दिखाकर छिनतई करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. गिरफ्तार आरोपियों में झगरी तिवारी टोला निवासी अंकित मिश्रा, नगर थाना क्षेत्र के हुट्टी बाजार निवासी मो इमरान और मो फरदीन आलम शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त नकली पिस्टल और छीना गया सामान बरामद कर लिया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

रेलवे स्टेशन से झगरी जाने के दौरान बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार, बीती रात बिहार निवासी एक व्यक्ति गिरिडीह रेलवे स्टेशन से उतरकर झगरी जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में तीनों आरोपियों ने उसे रोक लिया. नकली पिस्टल दिखाकर भयभीत किया और उसके पास से आठ हजार रुपये नकद, चांदी की अंगूठी और मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गये. घटना की सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की.

वाहन जांच के दौरान पकड़ा गया अंकित

एसआइ विवेक माथुरी के नेतृत्व में पुलिस ने वाहन जांच अभियान चलाया. इसी दौरान संदिग्ध स्थिति में अंकित मिश्रा पुलिस के हत्थे चढ़ गया. थाना लाकर पूछताछ करने पर पुलिस के अनुसार, उसने छिनतई में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और अपने दो साथियों के नाम बताये. इसके बाद पुलिस ने मो इमरान और मो फरदीन आलम को भी गिरफ्तार कर लिया.

पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि अंकित मिश्रा पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है.

सोशल मीडिया पर पिस्टल के साथ वीडियो करता था पोस्ट

पुलिस के अनुसार, जेल से बाहर आने के बाद अंकित सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों में भय पैदा करने की कोशिश करता था. वह अक्सर पिस्टल के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था. इन वीडियो में रंगदारी से जुड़े गानों का इस्तेमाल करने की बात भी पुलिस ने बतायी है.

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू व इरफान अंसारी को दी थी धमकी

पुलिस के अनुसार, करीब डेढ़ वर्ष पूर्व अंकित ने फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट कर झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और मंत्री इरफान अंसारी को 24 घंटे के अंदर बम से उड़ाने की धमकी दी थी. मामले की जानकारी मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था.

जेल से बाहर आने के बाद भी उसके द्वारा आपत्तिजनक और भय पैदा करने वाले वीडियो पोस्ट किये जाते रहे. हाल में उसने एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह अपने एनकाउंटर की बात कर रहा था. इस मामले में कुछ दिन पूर्व मुफस्सिल थाना में उसके खिलाफ सनहा दर्ज किया गया था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी.

तलाश के बीच छिनतई की घटना को दिया अंजाम

पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान अंकित गिरिडीह पहुंचा और अपने दो साथियों के साथ मिलकर झगरी में छिनतई की घटना को अंजाम दिया. घटना के बाद वाहन जांच के दौरान उसके पकड़े जाने से पूरे मामले का खुलासा हुआ. पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola