मंडरो बाजार में एक माह से खुली पड़ी कच्ची नाली, बाइक सवार गिरा; दुकानदार भी परेशान
नाले में गिरे बाइक को निकलते लोग
मंडरो बाजार में एक महीने से कच्ची नाली खुली पड़ी है, जिससे दुर्घटनाएं हो रही हैं और दुकानदारों को भारी नुकसान हो रहा है. पानी जमा होने से दुर्गंध और मच्छर भी बढ़ गए हैं. विधायक ने टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और जल्द निर्माण का आश्वासन दिया है.
देवरी प्रखंड के मंडरो बाजार स्थित श्रीराम चौक के पास करीब एक माह से सड़क किनारे कच्ची नाली की खुदाई कर उसे खुला छोड़ दिये जाने से दुकानदारों और राहगीरों की परेशानी बढ़ गयी है. शनिवार सुबह ऑटो से साइड लेने के दौरान एक बाइक सवार का संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक समेत कच्ची नाली में जा गिरा. बाइक पर पीछे बैठी महिला भी सड़क पर गिर गयी. गनीमत रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आयी. स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों को नाली से बाहर निकाला.
आपके शहर में
नाली में ढाई से तीन फीट तक जमा है पानी
स्थानीय लोगों के अनुसार, नाली में पानी की निकासी नहीं होने के कारण करीब ढाई से तीन फीट पानी जमा है. सड़क किनारे खुली नाली और उसमें जमा पानी के कारण वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि अब तक कई मवेशी भी नाली में गिर चुके हैं और अब वाहन दुर्घटनाएं भी सामने आने लगी हैं.
पक्के नाले के बजाय खोदकर छोड़ दी गयी कच्ची नाली
दुकानदारों और ग्रामीणों ने बताया कि मंडरो चौक की मुख्य सड़क पर बारिश का पानी जमा होने की समस्या थी. इसकी निकासी के लिए पक्का नाला बनाने की मांग की जा रही थी. ग्रामीणों के अनुसार, बीते एक जुलाई को विभागीय कर्मियों ने मंडरो-घोरंजी सड़क के किनारे कच्ची नाली की खुदाई कर दी, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ा.

नाली में पानी जमा रहने से दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है. दुकानदारों का कहना है कि पानी कई दुकानों में भी प्रवेश कर रहा है.
दुकान में पानी घुसने से सामान खराब, 20 हजार का नुकसान
दुकानदार तारकेश्वर साव ने बताया कि बारिश का पानी उनकी दुकान में घुस गया. इससे चावल, दाल, आटा, मैदा, सूजी समेत कई सामान भींगकर खराब हो गये. उनके अनुसार, इससे करीब 20 हजार रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है.
मंडरो बाजार के व्यवसायी महेश कुमार राय, बीरेंद्र रजक, पार्थ कुमार साव, प्रदीप पांडेय, पिंटू साव, तालेश्वर, दीपक कुमार समेत अन्य दुकानदारों और ग्रामीणों ने कवरयुक्त पक्का नाला बनाने के साथ सड़क का भी समुचित निर्माण कराने की मांग की है.
विधायक बोलीं- टेंडर प्रक्रिया पूरी, जल्द शुरू होगा काम
इस संबंध में जमुआ विधायक मंजू कुमारी ने बताया कि मंडरो बाजार में पक्का नाला निर्माण को लेकर टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. नाला निर्माण के साथ सड़क भी बनायी जायेगी, ताकि जलजमाव और आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए